जिला पुलिस के इतिहास में शायद ऐसा पहली बार है जब 25 करोड़ की चोरी के मामले में फरार आरोपियों से ज्यादा पुलिस को उनकी तलाश है, जिनकी रकम और सोना चोरी किया गया है। पुलिस की अब तक की पड़ताल में यह बात साफ हो चुकी है कि सूरजपुर के डेल्टा-1 स्थित सिल्वर सिटी के बंद फ्लैट से चोरी किया गया करीब 40 किलोग्राम सोना और 6.5 करोड़ रुपये किसलय पांडेय व उसके पिता राममणि पांडेय की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फाइनेंस कंपनियों के शेयर खरीदकर पिता-पुत्र ने करोड़ों की उगाही की है। इस तरह के कई मामले दिल्ली-एनसीआर में दर्ज हैं। अब 25 करोड़ की चोरी में भी पुख्ता सुबूत हाथ आने पर दोनों पर मामला दर्ज होगा। नोएडा जोन के एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि खुद को सुप्रीम कोर्ट का अधिवक्ता बताने वाले यह पिता-पुत्र अब पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए जिन 6 युवकों को गिरफ्तार किया है, उन्होंने पुलिस के समक्ष पिता-पुत्र की कई करतूत उजागर किए हैं।