फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामनगरी में दिव्य दीपोत्सव: दीपकों के संयोजन से दिखी एक भारत श्रेष्ठ भारत और वीर हनुमान सहित अन्य दृश्यों की झलक 

Mon, 01 Nov 2021 08:32 PM IST
सुशील कुमार कुमार अमर उजाला ब्यूरो, नोएडा

सार

रामायण के दृश्यों के जरिए जन-जन के राम की अनुपम झलक दिख रही है। सरयू के घाटों से लेकर राम की पैड़ी व रामकथा पार्क की भव्यता निहाल करने वाली है। ऐसे में संपूर्ण अयोध्या आह्लादित है।
विज्ञापन
1 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
दीपोत्सव के शुभ अवसर पर रामनगरी अयोध्या त्रेतायुग जैसी सजी है। भव्यता देखते ही बन रही है। चहुंओर उल्लास का माहौल है। अपने राम के स्वागत में रामनगरी का कोना-कोना आलोकित हो उठा है। दीपकों के संयोजन से एक भारत श्रेष्ठ भारत, वीर हनुमान, जय श्री राम सहित अन्य दृष्यों दिखाए गए हैं। योगी सरकार के पांचवें दिव्य दीपोत्सव की शुरुआत एक नवंबर यानी सोमवार से हो रही है। मुख्य आयोजन तीन नवंबर को होगा। इस दिन मां सरयू का नौ लाख दीपों से शृंगार किया जाएगा। अयोध्या के नाम एक नया विश्व रिकॉर्ड बन जाएगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या पहुंचकर तैयारियों की निरीक्षण किया और 24 घंटे के अंदर काम पूरे करने के निर्देश दिए। रामायण के दृश्यों के जरिए जन-जन के राम की अनुपम झलक दिख रही है। सरयू के घाटों से लेकर राम की पैड़ी व रामकथा पार्क की भव्यता निहाल करने वाली है। रामायण के दृश्यों से सजे 20 प्रवेश द्वार रामनगरी की आभा बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 में दीपोत्सव की नींव डाली थी। इस बीच 2019 में राम मंदिर के पक्ष में फैसला आते ही इस उत्सव का उल्लास कई गुना बढ़ गया। राममंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है, नींव का काम पूरा होने को है। ऐसे में संपूर्ण अयोध्या आह्लादित है। यह उल्लास इस दीपोत्सव में झलकता नजर आएगा। पांच दिन तक चलने वाले इस उत्सव का मुख्य आयोजन तीन नवंबर को होगा, इस दिन सीएम योगी सहित राज्यपाल, कई मंत्री व विदेशी मेहमान शिरकत करेंगे।
विज्ञापन

2 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
इस दीपोत्सव पर पूरे रामनगरी में करीब 12 लाख दीप जलाए जाएंगे। अकेले राम की पैड़ी पर ही नौ लाख दीप जलाने की तैयारी है। शेष तीन लाख दीप रामनगरी के अन्य स्थलों, मठ-मंदिरों पर जलाने की योजना है। रामायण आधारित 20 तोरण द्वार भी रामनगरी की भव्यता में चार-चांद लगा रहे हैं। इलेक्ट्रिक कलश, दीप, झालर लाइटिंग के माध्यम से संपूर्ण नगरी को रोशन करने की तैयारी की गई है। सरयू पुल पर गोंडा सीमा तक भव्य लाइटिंग की गई है। फूलों की लड़ियों से सरयू पुल को सजाया जा रहा है।
विज्ञापन

3 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
राम की पैड़ी पर प्रोजेक्शन मैपिंग व लेजर शो को लेकर तैयारी चल रही है। प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए इस बार राम की गाथा को जीवंत करने की तैयारी है। महर्षि बाल्मीकि स्वंय राम की कथा सुनाने अयोध्या पधारेंगे। राम की पैड़ी का हेरिटेज लुक भी इस बार आकर्षण बढ़ा रहा है। रामकथा पार्क में मुख्य आयोजन रामराज्याभिषेक होना है। पूरे रामकथा पार्क को रामदरबार की थीम पर सजाया गया है। यहां रामायण कॉन्क्लेव की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। रामकथा पार्क के प्रवेश मार्ग को इस तरह सजाया गया है कि रामायणकालीन युग का अहसास होता है।

4 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
यूपी के कई जिलों की भव्य दीपोत्सव में भागीदारी है। जनपद आंबेडकरनगर से मिट्टी के 4721 दीपक अयोध्या भेजे गए। डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम आरबी यादव ने बताया कि ग्राम प्रधानों, ब्लॉक मिशन प्रबंधकों एवं सचिवों के माध्यम से सभी ग्राम पंचायतों से पांच-पांच मिट्टी के दीपकों का प्रबंध कराया गया। सभी 902 ग्राम पंचायतों से मिट्टी के दीपक प्राप्त किए गए। उन्हें दीपोत्सव में प्रज्ज्वलित करने के लिए अयोध्या भेजा गया है।

 
विज्ञापन

5 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
दीपोत्सव पर गाय के गोबर से बने दीयों से अयोध्या जगमगाएगी। राष्ट्रीय गौधन महासंघ ने गायों के गोबर से एक लाख 11 हजार दीये तैयार कराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास से इन दीयों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया था।
 उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के जरिए एक ओर गायों की रक्षा कर सकेंगे तो दूसरी तरफ पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए अपना त्योहार भी धूमधाम से मना सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने गोबर से बने दीयों से राम की नगरी को जगमगाने की तैयारी की है। 
विज्ञापन

6 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
दीपोत्सव की सफलता को लेकर अवध विश्वविद्यालय के 108 वॉलंटियर्स ने रविवार को शंखनाद किया। गुरुकुल के बच्चों ने पूजन-अर्चन किया। पांचवें दीपोत्सव की सफलता के लिए श्री गुरुवशिष्ठ गुरुकुल विद्यापीठ के ब्रह्मचारी, आचार्य एवं प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने श्री वशिष्ठ गुरुकुल के संरक्षक रामवल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास, अध्यक्ष आचार्य मनोज दीक्षित के दिशा-निर्देशन में माता सरयू के तट पर बैठकर संध्या वंदन करने के पश्चात सरयू आरती में हिस्सा लिया।
विज्ञापन

7 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
दीपोत्सव के कार्यक्रम स्थलों पर अतिथियों के बैठने को लेकर रविवार को दिन भर अफसर प्लान बनाते रहे। फिलहाल अतिथियों व साधु-संतों के लिए सीटिंग प्लान फाइनल कर लिया गया है। रामकथा पार्क में अतिथि व साधु-संतों के लिए अलग से मंच बनाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी अलग से मंच बना है। समारोह में साधु-संतों और विशिष्टजनों के पहुंचने पर उन्हें सम्मान मिले, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। अफसरों ने इसका प्लान तैयार कर लिया है।

8 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
राम की पैड़ी स्थित घाट पर डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन समेत 12 हजार स्वयंसेवकों की टीम ने कमान संभाल ली है। देर शाम तक राम की पैड़ी के 32 घाटों पर नौ लाख दीपों को सजा दिया गया है। राम की पैड़ी पर अवध विवि के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह समेत प्रशासनिक अफसरों ने निरीक्षण कर स्वयंसेवकों में उत्साह बढ़ाया। कार्यों को देर शाम तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

9 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
तीन नवंबर को होने वाले दिव्य दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए सोमवार सुबह 11 बजे से पदाधिकारी 32 घाटों पर मुस्तैद रहे। सभी घाट प्रभारी, समन्वयक द्वारा स्वयंसेवकों को दीये के निर्धारित पैटर्न से अवगत कराया गया। देर शाम तक समन्यवकों की देखरेख में सभी 32 घाटों पर नौ लाख दीपों को सजा दिया गया। इसके साथ सभी घाटों पर समन्वयक भी नियुक्त किये गये हैं। 
विज्ञापन

10 of 10
अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव। - फोटो : अमर उजाला
दीपोत्सव समारोह के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए बाहरी वाहनों व लोगों का प्रवेश वर्जित रहेगा। यह प्रतिबंध मंगलवार से लागू होगा। इसके साथ ही रूट डायवर्जन भी लागू हो जाएगा। यह जानकारी कमिश्नर एमपी अग्रवाल ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक कविंद्र प्रताप सिंह के साथ की गई बैठक के बाद दी। 

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें