दीपोत्सव के शुभ अवसर पर रामनगरी अयोध्या त्रेतायुग जैसी सजी है। भव्यता देखते ही बन रही है। चहुंओर उल्लास का माहौल है। अपने राम के स्वागत में रामनगरी का कोना-कोना आलोकित हो उठा है। दीपकों के संयोजन से एक भारत श्रेष्ठ भारत, वीर हनुमान, जय श्री राम सहित अन्य दृष्यों दिखाए गए हैं। योगी सरकार के पांचवें दिव्य दीपोत्सव की शुरुआत एक नवंबर यानी सोमवार से हो रही है। मुख्य आयोजन तीन नवंबर को होगा। इस दिन मां सरयू का नौ लाख दीपों से शृंगार किया जाएगा। अयोध्या के नाम एक नया विश्व रिकॉर्ड बन जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या पहुंचकर तैयारियों की निरीक्षण किया और 24 घंटे के अंदर काम पूरे करने के निर्देश दिए। रामायण के दृश्यों के जरिए जन-जन के राम की अनुपम झलक दिख रही है। सरयू के घाटों से लेकर राम की पैड़ी व रामकथा पार्क की भव्यता निहाल करने वाली है। रामायण के दृश्यों से सजे 20 प्रवेश द्वार रामनगरी की आभा बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 में दीपोत्सव की नींव डाली थी। इस बीच 2019 में राम मंदिर के पक्ष में फैसला आते ही इस उत्सव का उल्लास कई गुना बढ़ गया। राममंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है, नींव का काम पूरा होने को है। ऐसे में संपूर्ण अयोध्या आह्लादित है। यह उल्लास इस दीपोत्सव में झलकता नजर आएगा। पांच दिन तक चलने वाले इस उत्सव का मुख्य आयोजन तीन नवंबर को होगा, इस दिन सीएम योगी सहित राज्यपाल, कई मंत्री व विदेशी मेहमान शिरकत करेंगे।