फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद हादसा: अचानक भरभराकर गिरी दीवार, बचने का मौका तक न मिला, मुनकेश को तो मौत ही यहां खींचकर लाई

Thu, 24 Mar 2022 09:20 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
विज्ञापन
1 of 10
Ghaziabad Big Incident - फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र के प्रताप विहार में नाला निर्माण के लिए की गई खोदाई के चलते स्कूल की दीवार गिर गई। हादसे में नाला निर्माण का काम कर रहे पांच मजदूर दब गए। देर रात करीब दो बजे हुए इस हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने पांचों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। इनमें से तीन मजदूर अतहर (23), मुनकेश (18) निवासी कुरसैल, अररिया और तौफीक आलम (21) निवासी बगदहरा, अररिया बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य दो घायलों साबिर और मेराजुद्दीन को संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगर निगम और ठेकेदार की लापरवाही से हुई तीन मजदूरों की मौत के बाद पहुंचे साथी मजदूरों और रिश्तेदारों ने हंगामा किया। मुआवजे की मांग पूरी न होने पर उन्होंने दोपहर तक शवों का पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने और शवों को बिहार तक भिजवाने का आश्वासन मिलने पर उनका आक्रोश शांत हुआ और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन

2 of 10
यहीं हुआ हादसा - फोटो : अमर उजाला
नगर निगम की ओर से नाले की खुदाई रात दो बजे कराई जा रही थी। प्रताप विहार स्थित न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल की चहारदीवारी के बिल्कुल सटाकर खोदाई कराई गई तो दीवार की नींव में नाले का पानी पहुंच गया और दीवार दरक गई। रात के अंधेरे में मजदूरों को दीवार दरकने का पता नहीं चला और करीब 70 फुट लंबी व 10 फुट ऊंची दीवार उनके ऊपर भरभराकर गिर गई। 

 
विज्ञापन

3 of 10
Ghaziabad Big Incident - फोटो : अमर उजाला
रात की बजाय यह निर्माण दिन के उजाले में कराया जाता तो दीवार के दरकने का पता चल जाता और मजदूर भागकर अपनी जान बचा सकते थे। रात के वक्त हो रहे इस निर्माण कार्य को देखने न तो कंस्ट्रक्शन फर्म मैसर्स नार्थ इंडिया डेवलपर्स के संचालक पहुंचे और न ही नगर निगम के इंजीनियर। 

4 of 10
Ghaziabad Big Incident - फोटो : अमर उजाला
मृतक मजदूरों के साथी कर्मियों ने बताया कि जब आरसीसी का नाला बनाने के लिए पांच फुट गहरी खोदाई की जा रही थी, तब उसमें पानी भी था। होली से पहले किए जा रहे इस काम के लिए पहले नाले में बंद लगाकर पानी का डायवर्जन कर दिया गया था, लेकिन होली पर पानी ज्यादा आने की वजह से बंधा टूट गया। 
विज्ञापन

5 of 10
Ghaziabad Big Incident - फोटो : अमर उजाला
नाले में पानी होने के बावजूद खोदाई कराई गई और उसी में सरिया बांधना शुरू कर दिया गया। नाले में पानी न होता तो स्कूल की नींव में पानी न पहुंचता और न ही यह हादसा होता। उन्होंने बताया कि दीवार के बिल्कुल सटाकर खोदाई कराई गई, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। 
 
विज्ञापन

6 of 10
Ghaziabad Big Incident - फोटो : अमर उजाला
नगर निगम अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन पर फोड़ा ठीकरा
नगर निगम के अधिकारी नाला निर्माण में हुई लापरवाही से ज्यादा स्कूल प्रबंधन पर हादसे का ठीकरा फोड़ रहे हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि जिस स्कूल के सामने नाला निर्माण के लिए खोदाई की जा रही थी, उसकी बाउंड्रीवॉल में एक भी पिलर नहीं था। सिर्फ ईंटों की दीवार बनाकर प्लास्टर किया गया था। इसकी वजह से दीवार गिरी तो फिर करीब 70 फुट तक गिरती चली गई।
विज्ञापन

7 of 10
Ghaziabad Big Incident - फोटो : अमर उजाला
खोदाई कराने से पहले नहीं जांची गई दीवार की मजबूती 
नगर निगम के अधिकारी स्कूल की दीवार कमजोर होने पर हादसे का ठीकरा तो फोड़ रहे हैं, लेकिन उन्होंने खोदाई कराने से पहले इसकी मजबूती नहीं जांची। निगम के अवर अभियंता से लेकर अधिशासी अभियंता की जिम्मेदारी साइट मॉनीटरिंग की होती है। निगम के इंजीनियरों ने दीवार की कमजोरी को पहले जांच लिया होता तो तीन मजदूरों की जान न जाती। 

8 of 10
मृतक का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
मौत खींचकर ले गई मुनकेश को, नाइट ड्यूटी पर नहीं जाना चाहता था
परिवार में इकलौता कमाने वाला 18 साल के मुनकेश को मौत खींचकर ले गई। मुनकेश के मामा मोहम्मद सनवर ने बताया कि वह करीब 40 दिन पहले ही बिहार से यहां काम पर आया था। पिता बीमार रहते हैं और इकलौता कमाने वाला मुनकेश ही था। उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात जब ठेकेदार ने रात को काम पर बुलाया तो मुनकेश ने अपनी मामी नजहत को फोन करके बताया था। 

9 of 10
मृतक का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
उसने कहा था कि ठेकेदार रात को काम पर बुला रहा है, लेकिन उसका मन नहीं कर रहा है ड्यूटी पर जाने का। मुनकेश ने कहा था कि अगर वह काम पर नहीं जाएगा तो ठेकेदार पैसा काट लेगा। मामी नजहत ने उसे कहा कि ठेकेदार पैसा भले काट ले, अगर मन नहीं कर रहा तो रात को काम पर न जाए।
विज्ञापन

10 of 10
मृतक का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
इसी कशमकश में काफी देर रहा, लेकिन फिर उसने ठेकेदार के बुलावे पर काम पर जाने का फैसला किया और चंद घंटे बाद ही हादसे में परिवार के उस इकलौते सहारे मुनकेश की जान चली गई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें