उमस भरी गर्मी से बेहाल दिल्ली वासियों को बुधवार को झूमकर बरसे बदरा से राहत मिली। महज तीन घंटे की बारिश में ही दिल्ली में 51.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के आधिकारिक मानक केंद्र सफदरजंग पर सुबह नौ बजे से लेकर साढ़े पांच बजे तक 52.4 मिमी बारिश का रिकॉर्ड है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गर्त इस समय उत्तर भारत में पहुंच गई है। ऐसे में अगले चार से पांच दिनों तक पंजाब, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, बिहार व झारखंड तक अच्छी बारिश के आसार हैं। उधर, तीन घंटे की तेज बारिश से सात फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ी। वहीं, 11 जगहों पर जल जमाव के साथ पांच जगहों पर पेड़ गिरने से सड़कों पर जाम लगा।