जाफराबाद में फायरिंग करता उपद्रवी
- फोटो : PTI
जाफराबाद में उपद्रवियों ने कई गाड़ियों को फूंक दिया। पुलिसवाले भीड़ को रोकने के लिए जब आगे बढ़े तो एक युवक पिस्टल लहराता हुआ आगे आने लगा। पुलिसकर्मी ने हिम्मत कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वो लगातार फायरिंग करता चला गया। उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव किया और गोलियां चलाई। गोकुलपुरी में पथराव में सिर में चोट लगने से हेड कांस्टेबल रतन लाल की मौत हो गई, जबकि शाहदरा के डीसीपी अमित शर्मा और गोकुलपुरी एसीपी अनुज कुमार घायल हो गए। वहीं, करदमपुरी निवासी फुरकान और तीन अन्य युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। चांद बाग और भजनपुरा में सीएए विरोधी और समर्थकों के बीच संघर्ष हुआ। पुलिस ने हिंसा प्रभावित दस इलाकों में धारा-144 लगा दी है। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शीर्ष अधिकारियों की आपात बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की।