उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सोमवार देर रात मौसम का मिजाज बदला नजर आया। जिसके बाद तड़के केदारनाथ और यमुनोत्री धाम की पहाड़ियों पर सीजन का पहला हिमपात हुआ। चोराबाड़ी ताल, दुग्ध गंगा व भैरव नाथ मंदिर की ऊपरी पहाड़ियों पर जमकर हिमपात हुआ है। वहीं, हाल ही में हुई बारिश और अब हिमपात से धामों में ठंड भी बढ़ने लगी है।
Kedarnath: तीर्थयात्रियों का उमड़ा हुजूम, गर्भगृह में भक्तों का प्रवेश बंद, अब सभामंडप से होंगे बाबा के दर्शन
सुबह करीब सात बजे के बाद यहां मौसम में सुधार हुआ और धूप खिली, जिससे यात्रियों को ठंड से राहत मिली। केदारनाथ में मंदिर समिति के कार्याधिकारी रमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि हिमपात के बाद से सुबह और शाम को ठंड बढ़ गई है। इधर, जिला मुख्यालय में सुबह से मौसम ठीक रहा लेकिन पूर्वाह्न 11 बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे और दोपहर साढ़े 12 बजे से सवा एक बजे तक झमाझम बारिश हुई। उधर, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और गुप्तकाशी क्षेत्र में भी बारिश हुई।
वहीं, यमुनोत्री धाम के ऊपर सप्त ऋषि कुंड, कालिंदी पर्वत, बंदरपूंछ, गरुड़ गंगा टॉप में तड़के हिमपात हुआ। हल्की बर्फबारी के बाद धाम में भी मौसम सुहावना हो गया है। उधर, पहाड़ों की रानी मसूरी, धनोल्टी और कैंपटी में सोमवार देर रात से हल्की बारिश हो रही है। बारिश के बाद मसूरी में भी हल्का कोहरा छाया हुआ है। साथ ही ठंड भी बढ़ने लगी है।
वहीं, आज मैदानी इलाकों में दिन की शुरुआत चटख धूप के साथ हुई। गढ़वाल और कुमाऊं के कई इलाकों में हालांकि हल्के बादल छाए हैं, लेकिन ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिलने से उमसभरी गर्मी हो गई है।