फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: भनेरपाणी में भूस्खलन से कई घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे, वाहनों की लगी रही कतार

Sun, 01 Aug 2021 09:12 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चमोली

सार

बदरीनाथ हाईवे पर चमोली जिले में करीब 13 भूस्खलन जोन सक्रिय हैं, जिस कारण अक्सर मलबा आने से हाईवे बंद हो जाता है।
विज्ञापन
बदरीनाथ हाईवे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदरीनाथ हाईवे रविवार दोपहर भनेरपाणी के पास मलबा आने से बंद हो गया था। जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। एनएच की जेसीबी मलबा हटाने में लगी रहीं, तब जाकर रात 8 बजकर 20 मिनट पर हाईवे आवाजाही के लिए खोला गया।

विज्ञापन


दूसरी ओर बदरीनाथ हाईवे रविवार को सुबह छिनका और क्षेत्रपाल में भी मलबा आने से बंद हो गया था। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे को खोला गया। 

चमोली जिले में करीब 13 भूस्खलन जोन सक्रिय
बदरीनाथ हाईवे पर चमोली जिले में करीब 13 भूस्खलन जोन सक्रिय हैं, जिस कारण अक्सर मलबा आने से हाईवे बंद हो जाता है। लामबगड़ के पास खचड़ा नाला, गोविंदघाट के पास टैया पुल, पागल नाला, सेलंग, गुलाबकोटी, हनुमान चट्टी के पास रडांग बैंड, भनेरपाणी, चाड़ातोक, क्षेत्रपाल, छिनका, चमोली चाड़ा, बाजपुर और कर्णप्रयाग के पास आए दिन मलबा आ जाता है। इसके अलावा अन्य जगह पर भी मलबा आने से हाईवे बंद हो जाता है। संपर्क मार्गों की स्थिति तो और भी बुरी है। इन दिनों जिले में करीब 24 संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं। 

विज्ञापन

लामबगड़ के पास भी बार बार बाधित होता है हाईवे

वहीं, बदरीनाथ हाईवे के लामबगड़ के पास खचड़ा नाले में बार-बार मलबा आने से हाईवे बाधित हो जाता है, जिससे तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों और सेना के जवानों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब बीआरओ ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए लामबगड़ में पुल बनाने का निर्णय लिया है।

पुल बनने से नाले में पानी बढ़ने या मलबा आने पर यातायात बाधित नहीं होगा। लामबगड़ के खतरनाक स्लाइड जोन के 400 मीटर हिस्से का स्थायी ट्रीटमेंट किया जा चुका है, जिससे इस जगह पर मार्ग बंद नहीं होता है, लेकिन इसके पास ही खचड़ा नाला सिरदर्द बना हुआ है। नाले में पानी बढ़ने से बार-बार हाईवे बाधित हो जाता है।

ऐसे में कई बार लोगों को जेसीबी की मदद से यहां रास्ता पार कराया जाता है। इस समस्या को देखते हुए बीआरओ ने लामबगड़ में पुल बनाने का निर्णय लिया है। बीआरओ के कमांडर मनीष कपिल का कहना है कि समस्या को देखते हुए लामबगड़ में पुल निर्माण किया जाएगा, जिससे बरसात के दिनों में निरंतर वाहनों की आवाजाही होती रहे।

रैणी गांव के पास लगा अर्ली वार्निंग सिस्टम
उधर, रैणी गांव के पास भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाले बैली ब्रिज के पास एसडीआरएफ ने अर्ली वार्निंग सिस्टम को फिर से स्थापित कर दिया है। पहले यह सिस्टम बैली ब्रिज से करीब 100 मीटर आगे ऋषि गंगा नदी के पास लगाया हुआ था। ऋषिगंगा में पानी बढ़ने से सिस्टम के बहने की आशंका बनी हुई थी, जिसके चलते एसडीआरएफ ने उसे वहां से हटा दिया था। 

एसडीआरएफ के निरीक्षक विनोद गौड़ ने बताया कि अर्जी वार्निंग सिस्टम मलबे के ढेर के ऊपर लगे होने से उसके बहने की आशंका बनी हुई थी। अब इसको सुरक्षित जगह पर लगा दिया गया है। इस सिस्टम से ऋषि गंगा में बाढ़ आने की सूचना समय रहते मिल सकेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें