हरकी पैड़ी समेत अन्य गंगाघाटों पर सोमवार को वीरानी सी छाई रही। बाजारों में भी श्रद्धालुओं की कोई खास भीड़ नहीं दिखाई दी। वहीं, सड़कों पर वापसी करने वालों के वाहनों की भीड़ नजर आई। हरिद्वार समेत उत्तराखंड में पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद गढ़वाल एवं चारधाम के लिए निकले यात्री वापसी करने लगे हैं। गंगनहर बंदी के बाद हरकी पैड़ी का जलस्तर कम हो गया है। अन्य घाटों पर पानी नहीं है।
इसका असर हरकी पैड़ी एवं अन्य घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं पर पड़ा है। सोमवार को बारिश के बीच काफी कम संख्या में श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचे। अन्य गंगाघाटों पर सुनसानी रही। दुकानदार बारिश के चलते ग्राहकों का इंतजार करते रहे। हरकी पैड़ी पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश थलेड़ी टीम के साथ मुनादी कर श्रद्धालुओं से अपील करते हुए नजर आए कि बारिश के चलते घाटों के आसपास ज्यादा न जाएं। वहीं, हरिद्वार से वापसी करने वालों के वाहनों की कतार सड़कों पर दिखी। हजारों श्रद्धालु हरिद्वार एवं गढ़वाल से वापसी कर रहे हैं।
रविवार और सोमवार को चारधाम यात्रा रोक के बाद अब तक ऋषिकेश में अलग-अलग जगहों से आए 284 यात्री रोके गए हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश से चारधाम यात्रा पर आए थे। राजस्थान के बूंदी जिले से 55 तीर्थयात्री, मध्यप्रदेश के मुरैना 19 यात्रियों का दल रविवार से चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड स्थित पर्यटन विभाग के प्रतीक्षालय में रुका है। मुखर्जी मार्ग स्थित पंजाब सिंध क्षेत्र धर्मशाला में भी संतकबीर नगर, गोरखपुर के 82 यात्री ठहरे हैं।
दल के मुखिया पदमनाथ त्रिपाठी, प्रेमनारायण मिश्रा ने बताया कि धर्मशाला में सोमवार को दूसरा दिन है, लेकिन प्रशासन के एक भी अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली। हालांकि धर्मशाला में किसी तरह की दिक्कत नहीं है। कहा कि दो दिन या पांच दिन रुकना पड़े अब तो चारधामों के दर्शन करने के बाद ही गांव लौटेंगे। आजमगढ़, उत्तर प्रदेश से आए 18 तीर्थ यात्रियों के जत्थे को भी ऋषिकेश से आगे नहीं जाने दिया। दो दिन से यात्री पंजाब सिंध क्षेत्र धर्मशाला में रुके हैं। सोमवार सुबह पुणे, महाराष्ट्र से 30 यात्रियों को दल ऋषिकेश पहुंचा है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से 80 यात्रियों का दल सोमवार को आईएसबीटी स्थित रैन बसेरे में ठहरा है। दल के सदस्य ने बताया कि उन्हें सोमवार को दो बसों से दो धाम की यात्रा पर जाना था। उन्हें आईएसबीटी स्थित रैन बसेरे में ठहराया गया। यात्रियों का कहना था कि स्थानीय जिला प्रशासन की ओर से उन्हें यात्रा पर जाने से तो रोका गया, लेकिन उनके लिए खाने का इंतजाम नहीं किया। इसलिए उन्हें अपने संसाधनों से ही खाना बनवाना पड़ा।
भद्रकाली और तपोवन चेकपोस्ट पर 300 वाहन रोके
मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। सोमवार को पुलिस ने चारधाम यात्रा पर जा रहे करीब 300 वाहनों को भद्रकाली और तपोवन चेकपोस्ट से लौटा दिया। पुलिस ने वाहनों में सवार तीर्थयात्रियों को मौसम खुलने तक ऋषिकेश में ही रुकने की सलाह दी है।
सोमवार को भारी बारिश के अलर्ट के चलते मुनिकीरेती पुलिस ने दूसरे दिन भी सुबह छह बजे से गंगोत्री जाने वाले वाहनों को भद्रकाली चेकपोस्ट और बदरीनाथ, केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को तपोवन स्थित चेकपोस्ट पर रोका। थाना मुनिकीरेती प्रभारी निरीक्षक कमलमोहन भंडारी ने बताया कि भद्रकाली और तपोवन चेकपोस्ट से करीब 300 वाहन वापस लौटाए हैं। इनमें टैक्सी, कार और बसें शामिल हैं। कहा मौसम साफ होने तक तीर्थयात्रियों को ऋषिकेश में ही रुकने की सलाह दी जा रही है।