उत्तराखंड के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई कांग्रेस नेता व छात्र धरने पर बैठे। वहीं छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज गेट के समक्ष कुछ छात्र टावर पर चढ़ गए। जिससे कॉलेज प्रशासन और पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। सूचना मिलने पर डालनवाला थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में छात्रों के लोकतांत्रित अधिकारों की बहाली और छात्रसंघ चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर राजधानी के गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कांग्रेस पार्टी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौन व्रत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौन व्रत पर बैठे।