हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के रुद्र विहार (जमालपुर कलां) में शनिवार देर रात परिवार को बंधक बनाकर नकाबपोश कच्छा बनियानधारी गिरोह के बदमाशों ने जमकर कहर बरपाया। दंपति को बुरी तरह पीटने के बाद बदमाश 25 हजार की नगदी और सोने चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। देर रात ही सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़े। एसएसपी, एसपी सिटी और सीओ कनखल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार का हाल जाना। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डकैती की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, एक सप्ताह के भीतर जनपद में इस तरह की दूसरी वारदात से पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं। कुछ दिन पहले कलियर के मांजरी गांव में भी बदमाशों ने एक किसान के घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।