Morocco Earthquake: मोरक्को में आए विनाशकारी भूकंप ने भयानक तबाही मचाई है। भूकंप से अभी तक करीब तीन हजार लोगों की मौत हो चुकी है। भूकंप का केंद्र एटलस पहाड़ों के नीचे था। अफ्रीकी देश में भूकंप आते रहते हैं, लेकिन कई दशकों में भी ऐसी तबाही नहीं मची थी। इस भूकंप को लेकर कई तरह की कंस्पिरेसी थ्योरी की भी तेजी से चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि मोरक्को में भूकंप आने से पहले आसमान में बहुत तेज और अजीब रोशन देखी गई थी।
सोशल मीडिया पर लोग इससे जुड़े वीडियो शेयर कर रहे हैं। वीडियो में तेज बिजली की तरह चमकने वाली रोशनी को देखा जा सकता है। अब लोगों के बीच बहस छिड़ी हुई है कि क्या भूकंप के साथ आसमान में कोई रोशनी निकलती है। विज्ञान की भाषा में इसे अर्थक्वेक लाइट कहा जाता है। वाशिंगटन पोस्ट ने भी अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि मोरक्कों में भूकंप के दौरान रहस्यमयी रोशनी आसमान में फैल गई थी। वैज्ञानिकों के मुताबिक, भूकंप की वजह से वायुमंडल में कई तरह की प्रकाश जैसी घटनाएं उत्पन्न होती हैं, जो सतह के नीचे विद्युत परिवर्तन का संकेत देती हैं।