Alien News: क्या ब्रह्मांड में धरती के अलावा किसी और ग्रह पर जीवन है? वैज्ञानिक सालों से इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं, जिसमें उन्हें अभी तक सफलता नहीं मिली है। लेकिन अक्सर एलियंस को देखने के दावे किए जाते हैं। अब अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने एलियंस को खोजने के लिए बड़ी तैयारी की है। नासा एलियंस की दुनिया को खोजने के लिए एक दूरबीन बनाने की योजना पर काम कर रहा है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने अत्याधुनिक स्पेस टेलीस्कॉप को 'हैबिटेबल वर्ल्ड्स ऑब्जर्वेटरी' नाम दिया है।
नासा की तरफ से इसके लिए जरूरी तकनीक बनाने की शुरुआत कर दी गई है। अगली पीढ़ी के ऑप्टिक्स, मिशन डिजाइन और टेलीस्कोप सुविधाओं पर शोध करने के लिए तीन कंपनियों को कॉन्ट्रैक्ट दिए गए हैं। इसकी लागत करीब 17.5 मिलियन डॉलर तय की गई है। साल 2024 में ही इस पर काम शुरू किए जाने की उम्मीद है। मौजूदा एक्सोप्लैनेट अनुसंधान के आधार पर वैज्ञानिक मानते हैं कि हर पांच में एक तारे के चारों तरफ कक्षा में पृथ्वी की तरह ग्रह हैं।