फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

EV Fire: सिकंदराबाद में ईवी में आग की घटना से सुरक्षा के सुलगते सवाल को मिली हवा, जानें कब-कब हुईं ऐसी घटनाएं

Tue, 13 Sep 2022 02:34 PM IST
अमर शर्मा ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की नई घटना ने एक बार फिर खरीदारों के मन में ईवी की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं। हाल के दिनों में एक के बाद एक कर कई ऐसी घटनाओं ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया था।
विज्ञापन
1 of 16
Pure EV Scooter Fire - फोटो : For Reference Only
इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की नई घटना ने एक बार फिर खरीदारों के मन में ईवी की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं। हाल के दिनों में एक के बाद एक कर कई ऐसी घटनाओं ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया था।

ताजा मामला तेलंगाना के सिकंदराबाद का है, जहां सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक इलेक्ट्रिक स्कूटर शोरूम में आग लग गई। खबरों के मुताबिक इलेक्ट्रिक बाइक की चार्जिंग के दौरान यह दुर्घटना हुई। इससे पहले भी ईवी में आग लगने की कई घटनाएं उसी समय हुईं जब वे चार्जिंग पर लगे थे। सिकंदराबाद की घटना में आठ लोगों की जान चली गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक जताया है। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये का मुआवजा देने का एलान किया। 

इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगने की नई घटना ने एक बार फिर ईवी सुरक्षा के सुलगते सवाल को हवा दे दी है। आइए एक नजर डालते हैं कि इससे पहले कब-कब इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।  
विज्ञापन

2 of 16
ओला इलेक्ट्रिक S1 Pro स्कूटर में लगी आग - फोटो : सोशल मीडिया
ईवी में आग की कई घटनाएं 
हाल के दिनों में ईवी में आग लगने की घटनाओं में Ola Electric (ओला इलेक्ट्रिक), Hero Electric (हीरो इलेक्ट्रिक), Ather Energy (एथर एनर्जी), Okinawa Autotech (ओकिनावा ऑटोटेक), Pure EV (प्योर ईवी), Boom Motors (बूम मोटर्स), Jitendra EV Tech (जितेंद्र ईवी टेक) जैसी कई वाहन निर्माताओं के ईवी शामिल हैं। इलेक्ट्रिक स्कूटरों में अचानक से आग लगना चिंता का विषय बना हुआ है। 

26 मार्च को पुणे में ओला इलेक्ट्रिक एस1 प्रो स्कूटर में आग लग गई थी। उसी दिन, तमिलनाडु के वेल्लोर में एक और इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की घटना ने दो लोगों की जान ले ली। 28 मार्च को, तमिलनाडु में एक और इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लग गई, इसके तुरंत बाद चेन्नई में अगले दिन एक और इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लग गई। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों में आग लगने के मामले सामने आने पर इसने घटनाओं ने सरकार को जांच के लिए एक पैनल बनाने के लिए प्रेरित किया। 
विज्ञापन

3 of 16
Nitin Gadkari - फोटो : PTI
गडकरी ने की सख्ती
ईवी आग दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अप्रैल में कंपनियों को लापरवाही बरतने पर दंड की चेतावनी दी और कहा कि उन्हें खराब वाहनों को वापस मंगाने का आदेश दिया जाएगा। इसके बाद, ओला इलेक्ट्रिक ने अपने इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की 1,441 यूनिट्स को वापस मंगा लिया। ओकिनावा ने बैटरी से संबंधित किसी भी समस्या को ठीक करने के लिए अपने Praise Pro (प्रेज प्रो) इलेक्ट्रिक स्कूटर की 3,215 यूनिट्स को वापस मंगाने की भी घोषणा की। इसी तरह, प्योर ईवी ने अपने ETrance+ और EPluto 7G मॉडल की 2,000 यूनिट्स को वापस मंगाया।

दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन में आग लगने की घटनाओं के बीच, सरकार ने कहा है कि जब तक इन मामलों की जांच नहीं हो जाती तब तक नए इलेक्ट्रिक वाहनों की लॉन्चिंग नहीं की जाए।

4 of 16
EV Fire in Nashik - फोटो : Twitter
ईवी कंटेनर में लगी थी आग
अप्रैल के दूसरे हफ्ते में नासिक में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर इलेक्ट्रिक स्कूटर ले जा रहे एक कंटेनर ट्रक में आग लग गई, जिससे आधे इलेक्ट्रिक वाहन जल कर राख हो गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह आग बहुत भीषण थी। शुक्र है इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। 

आग की घटना कथित तौर पर पाथर्डी फाटा के एक होटल के पास शाम करीब 4:15 बजे हुई। रिपोर्ट में कहा गया है कि CIDCO (सिडको) और अंबाद MIDC (एमआईडीसी) केंद्रों के दमकल कर्मियों ने एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, कंटेनर ट्रक द्वारा ले जाए जा रहे जितेंद्र इलेक्ट्रिक के कुल 40 इलेक्ट्रिक स्कूटरों में से 20 आग की वजह से जलकर खाक हो गए।
विज्ञापन

5 of 16
Okinawa i-Praise+ Electric Scooter - फोटो : Okinawa
ओकिनावा के शोरूम में लगी आग
अप्रैल महीने की 18 तारीख को यह खबर आई कि एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में कथित तौर पर आग लगने की वजह से तमिलनाडु में Okinawa Autotech (ओकिनावा ऑटोटेक) का एक डीलरशिप जलकर स्वाहा हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में 17 इलेक्ट्रिक स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि, कंपनी की ओर से बताया गया कि इमारत के पैनल वायरिंग में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। डीलरशिप ने भी इसकी पुष्टि की है।

ई-स्कूटर किए रिकॉल
यह घटना ऐसे समय हुई थी, जब एक दिन पहले ओकिनावा ने अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले Praise Pro (प्रेज प्रो) इलेक्ट्रिक स्कूटर के 3,215 यूनिट्स को स्वैच्छिक रूप से जांच के लिए वापस मंगाया था। 
विज्ञापन

6 of 16
Corbett 14 Electric Scooter - फोटो : Boom Motors
Corbett 14 ईवी में धमाका
इसके बाद अप्रैल के आखिरी हफ्ते में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से एक दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी में हुए धमाके से एक व्यक्ति की मौत हो गई। 

विजयवाड़ा के गुलाबी थोटा में 40 वर्षीय कोटाकोंडा शिव कुमार ने एक दिन पहले ही Corbett 14 (कॉर्बेट 14) इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदा था। उसने इस स्कूटर को अपने कमरे में चार्जिंग के लिए लगाया था जहां उसकी बैटरी में विस्फोट हो गया। इस हादसे में काफी गंभीर रूप से जलने और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी और बच्चे जिंदगी गंभीर रूप से घायल हो गए। 
विज्ञापन

7 of 16
Pure EV Electric Scooter Fire - फोटो : For Reference Only
प्योर ईवी की बैटरी में भी हुआ था धमाका
इससे ठीक पहले, 19 अप्रैल को तेलंगाना के निजामाबाद जिले में Pure EV (प्योर ईवी) के एक इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी में आग लग गई थी, जिसमें एक 80 वर्षीय व्यक्ति की जलने से मौत हो गई थी। इस घटना में भी कथित तौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर को घर के अंदर चार्ज किया जा रहा था।

इस घटना में रामास्वामी की मौत हो गई थी, जबकि उनके बेटे बी प्रकाश और बेटी कमलाम्मा अपने पिता को बचाने की कोशिश में झुलस गए थे। जिसके बाद प्योर ईवी ने हैदराबाद के पास निजामाबाद में हुई इस घटना पर खेद जताया। और अपने इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की लगभग 2,000 यूनिट्स को जांच के लिए वापस मंगाया।

8 of 16
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : पीटीआई
चार्जिंग के दौरान फटा ईवी
तेलंगाना में करीमनगर जिले के रामादुगु मंडल का है। यहां एक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन की बैटरी फटने की एक और घटना सामने आई। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। विस्फोट 8 मई की रात रामचंद्रपुर गांव में उस समय हुआ जब इलेक्ट्रिक वाहन के मालिक ने दोपहिया वाहन को चार्जिंग के लिए अपने घर के बाहर रखा था। इसी दौरान अचानक बैटरी फट गई। आग लगने की वजह से इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन के कुछ हिस्से जल गए।

9 of 16
Pure EV Electric Scooter Fire - फोटो : For Reference Only
EPluto G7 इलेक्ट्रिक स्कूटर हुआ स्वाहा
हैदराबाद में 11 मई को इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी Pure EV के EPluto G7 इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लग गई थी। यह घटना रात में हुई थी जब एक व्यक्ति अपने एक दोस्त के साथ अपने ईवी स्कूटर से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान अचानक से उसका स्कूटर रुक गया और बैटरी से धुंआ निकलने लगा। इस पर दोनों स्कूटर से दूर हट गए, थोड़ी देर बाद बैटरी से लपटें उठने लगीं और पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। घटनास्थल से गुजर रहे लोगों ने इस हादसे को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। स्कूटर मालिक ने एलबी नगर पुलिस स्टेशन में घटना की शिकायत दर्ज कराई।

10 of 16
Hero Electric Photon Catches Fire - फोटो : Twitter
Hero Photon EV जला
भारत का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक दोपहिया ब्रांड Hero Electric (हीरो इलेक्ट्रिक) भी अपने एक उत्पाद Photon EV (फोटॉन ईवी) में आग लगने की वजह से चर्चा में रहा। Hero Photon EV के एक यूनिट में 25 मई को ओडिशा में आग लग गई थी। खबरों के मुताबिक कथित तौर पर ईवी में तब आग लगी जब इसे चार्ज किया जा रहा था। इस घटना से स्कूटर का कुछ हिस्सा जल गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका कारण पावर सॉकेट में शॉर्ट सर्किट को माना गया, जहां से इलेक्ट्रिक स्कूटर को रात भर चार्ज किया जा रहा था। 

11 of 16
Ather Energy EV Fire - फोटो : Twitter
Ather Energy का शोरूम जला
मई के आखिरी हफ्ते में बीच Ather Energy (एथर एनर्जी) के एक शोरूम में आग लगने की घटना सामने आई। चेन्नई में Ather Energy के नुंगमबक्कम एक्सपीरियंस सेंटर में 27 मई को आग लग गई। घटना में बेंगलुरु स्थित इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता के यहां रिपेयरिंग के लिए आए एक ई-स्कूटर में आग लग गया था। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगते ही एथर एक्सपीरियंस सेंटर के कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 

12 of 16
Pure EV Scooter Fire - फोटो : For Reference Only
Pure EV में आग की पांचवी घटना
जून के मध्य में संभवत: 15 जून को प्योर ईवी के EPluto 7G इलेक्ट्रिक स्कूटर में गुजरात के पाटन में आग लग गई। रिपोर्ट के मुताबिक घटना उस समय हुई जब इसे एक घर के बाहर चार्ज करने के लिए प्लग किया गया था। प्योर एनर्जी के इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की यह पांचवीं घटना थी।

13 of 16
Tata Nexon EV Fire Mumbai - फोटो : Twitter/@KamalJoshi108
Tata Nexon EV कार जली
इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की घटनाओं से ग्राहकों के मन में पहले से ही डर बैठा हुआ था। ऐसे समय में 22 जून को मुंबई में इस समय देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार Tata Nexon EV में आग लगने की घटना सामने आई। कार आग में क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के वायरल वीडियो में एक सफेद रंग की Tata Nexon EV मुंबई के वेस्ट वसई इलाके में एक रेस्तरां के बाहर आग की लपटों में घिरा देखा गया। जिसके बाद टाटा मोटर्स ने एक बयान जारी कर नेक्सन ईवी में आग लगने के कारणों की जांच का आश्वासन दिया। 

14 of 16
Okinawa EV Dealership Fire - फोटो : For Reference Only
ओकिनावा के एक और डीलरशिप में लगी आग
Tata Nexon EV में आग लगने की घटना सामने आने के बाद 23 जून को मैंगलुरू में एक ओकिनावा डीलरशिप में आग लगने की घटना इंटरनेट पर वायरल हो गई। घटना की कुछ तस्वीरों से पता चलता है कि आग के बाद डीलरशिप पूरी तरह से जलकर राख हो गई थी। ध्यान देने वाली बात यह है कि इसके कुछ दिनों पहले भी ओकिनावा की एक अन्य डीलरशिप में आग लगने की घटना सामने आई थी। अप्रैल में चेन्नई में एक ओकिनावा ऑटोटेक डीलरशिप में आग लग गई थी और कंपनी ने बाद में इस मामले में 'इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट' को जिम्मेदार ठहराया था। 

15 of 16
Nitin Gadkari - फोटो : PTI
कारण बताओ नोटिस
केंद्र सरकार ने भारत में उन सभी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है जिनके वाहनों में हाल के दिनों में आग लग गई थी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 21 जुलाई को लोकसभा को सूचित किया कि सभी संबंधित ईवी निर्माताओं को नोटिस का जवाब देने या कार्रवाई का सामना करने के लिए नोटिस भेजा गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) द्वारा संबंधित सीईओ और एमडी को दिए गए नोटिस, भारत में हाल ही में ईवी आग की घटनाओं पर एक पैनल द्वारा अपनी रिपोर्ट पेश करने के बाद दिए गए थे। ईवी में आग लगने की इन घटनाओं में कई लोगों की जान भी गई थी। 
विज्ञापन

16 of 16
Ola Electric Scooter - फोटो : Ola Electric
इसके अलावा, उपभोक्ता संरक्षण नियामक Central Consumer Protection Authority (CCPA), केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने देश भर में कई बैटरी से चलने वाले वाहनों में आग लगने के घटनाओं के मद्देनजर कई इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं को नोटिस जारी किए हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक लगभग पांच ऐसे ईवी निर्माताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें