फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weekly Horoscope (16-22 Oct): यह सप्ताह सभी के लिए कैसा रहेगा, पढ़ें 12 राशियों का साप्ताहिक राशिफल

Mon, 16 Oct 2023 01:11 PM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 12
weekly horoscope - फोटो : अमर उजाला
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह चुनौतियों भरा रहता है। सप्ताह की शुरुआत से ही आपके सिर पर निजी और कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याएं बनी रहेंगी, जिन्हें एक-एक कर शांति और विवेक के साथ सुलझाने की आवश्यकता रहेगी। मेष राशि के जातकों को इस सप्ताह लोगों की छोटी-मोटी बातों पर उलझने से बचना होगा। कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर को मिलाकर काम करने पर ही आपकी समस्याएं कम होंगी और अधूरे काम पूरे होंगे। कठिनाई भरे समय में आप हिम्मत न हारें क्योंकि यह लंबे समय तक नहीं बनी रहेगी। यदि आप इस दौरान भावनात्मक और वैचारिक रूप से मजबूत बने रहेंगे तो आप सभी दिक्कतों को आसानी से दूर करने में कामयाब रहेंगे। सप्ताह के मध्य में करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा के दौरान अपने शरीर और सामान दोनों को खूब ख्याल रखें। मेष राशि वालों को इस सप्ताह वाहन बेहद सावधानी से चलाने की जरूरत है अन्यथा चोट लगने की आशंका है। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह सप्ताह मिलाजुला रहने वाला है। लव पार्टनर के साथ खट्टी-मीठी तकरार हो सकती है। दांपत्य जीवन को सुखमय बनाए रखने के लिए अपने जीवनसाथी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें और उसकी भावनाओं की अनदेखी न करें। 

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर तांबे के लोटे से जल चढ़ाएं और शिव चालीसा का पाठ करें। 
विज्ञापन

2 of 12
Taurus Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
वृष 
वृष राशि के जातकों लिए इस सप्ताह का पूर्वार्ध हर सोचे काम को समय पूरा करने वाला रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में ही आपको अपने करियर-कारोबार से जुड़ी कोई शुभ सूचना प्राप्त हो सकती है। यदि आप रोजी-रोजगार में इन दिनों भटक रहे हैं तो इस सप्ताह आपकी यह कामना पूरी हो सकती है। यदि आप अपनी नौकरी बदलने, पदोन्नति या फिर कोई नया व्यवसाय शुरु करने की प्लानिंग आदि कर रहे थे तो आपकी यह कामना भी किसी इष्टमित्र या फिर प्रभावी व्यक्ति के माध्यम से इस सप्ताह के अंत तक पूरी हो सकती हैं। वृष राशि वालों को इस सप्ताह घर-परिवार से पूरा सहयोग और समर्थन हासिल रहेगा। माता-पिता आपकी कोई बड़ी फरमाइश पूरी करके आपको सरप्राइज गिफ्ट दे सकते हैं। इस सप्ताह वाहन एवं गृह सुख की अभिलाषा पूरी हो सकती है। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति में आ रही दिक्कतें दूर होंगी। युवाओं का अधिकांश समय मौज-मस्ती करते हुए बीतेगा। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। सेहत सामान्य रहेगी। 

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें तथा शुक्रवार के दिन किसी कन्या को खीर खिलाकर उसका आशीर्वाद प्राप्त करें। 
विज्ञापन

3 of 12
Gemini Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
मिथुन 
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह काफी आपाधापी भरा रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत से ही आपको कामकाज के सिलसिले में भागदौड़ करनी पड़ सकती है। नौकरीपेशा लोगों के सिर पर अचानक से कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ सकता है। भूमि-भवन से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। यदि आप पार्टनरशिप में व्यवसाय करते हैं तो आपको धन संबंधी मामलों को सुलझाते हुए आगे बढ़ना चाहिए तथा किसी व्यक्ति पर आंख मूंदकर विश्वास करने से बचें अन्यथा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य में घर-गृहस्थी से जुड़ी कुछ समस्याएं आपकी चिंता का कारण बनेंगी। संतान पक्ष की शिक्षा और करियर को लेकर मन परेशान रहेगा। इस दौरान अपने सेहत और संबंध को लेकर खूब सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी। लोगों की छोटी-मोटी बातों को तूल देने से बचें और तोल-मोल कर बोलें। सप्ताह के उत्तरार्ध में मौसमी अथवा कोई पुरानी बीमारी के कारण शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ सकती है। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं। कठिन समय में जीवनसाथी संबल बनेगा। 

उपाय: प्रतिदिन गणपति को दूर्वा चढ़ाकर श्री गणेश चालीसा का पाठ करें। बुधवार के दिन किसी किन्नर को हरे रंग का वस्त्र दान करें। 

4 of 12
Cancer Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
कर्क 
कर्क राशि वालों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य लेकर आया है, लेकिन आप इसका अधिक लाभ तभी उठा पाएंगे जब आप अपने काम को कल पर टालने की बजाय समय पर करेंगे और लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने का प्रयास करेंगे। चूंकि समय आपके पक्ष में है इसलिए आपको नये व्यवसायिक उद्यम की शुरूआत करने और नौकरी की तलाश तेज कर दें। ऐसा करते ही आपको लोगों का भी साथ और सहयोग मिलने लगेगा। यदि आप विदेश में नौकरी की तलाश में है या फिर वहां से जुड़ा कोई कारोबार करना चाहते हैं तो इस राह में आ रही अड़चनें दूर होंगी। राजनीति से जुड़े लोगों को कोई बड़ा पद या जिम्मेदारी मिल सकती है। समाज में उनका प्रभाव बढ़ेगा। सप्ताह के मध्य में किसी मांगलिक या धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान आप अपने बिजी शेड्यूल में से थोड़ा समय निकालकर अपने प्रियजनों और परिवार के साथ समय बिताने का प्रयास करेंगे। प्रेम संबंध के लिए यह समय आपके लिए पूरी तरह से अनुकूल रहेगा और आप अपने लव पार्टनर के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। प्रेम संंबंध विवाह में तब्दील हो सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में अचानक से तीर्थाटन का प्रोग्राम बन सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में मौसमी बीमारी के प्रति सतर्क रहें और खान-पान में लापरवाही न करें। 

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर दूध एवं गंगाजल चढ़ाकर शिवमहिम्न स्तोत्र का पाठ करें। 
 
विज्ञापन

5 of 12
Leo Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
सिंह 
सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह कोई भी काम आधे-अधूरे मन से नहीं करना चाहिए और न ही उसे किसी दूसरे के भरोसे छोड़ना चाहिए अन्यथा आपको बेवजह की परेशानी उठानी पड़ सकती है। नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। आपके विरोधी आपके काम में अड़ंंगे डाल सकते हैं, इसलिए इसलिए अपने कामकाज में जरा भी लापरवाही न बरतें। पढ़ने-लिखने वाले छात्रों को मनचाही सफलता पाने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करना होगा। सप्ताह के मध्य में चल-अचल संपत्ति से जुड़े मामले आपकी चिंता का विषय बनेंगे। इन समस्याओं को सुलझाने के लिए आपको अपने अहम का त्याग करके संवाद के जरिए सुलझाना होगा। इसी प्रकार कार्यस्थल पर गलत लक्ष्य के पीछे भागने और लोगों के साथ टकराव की बजाय सही दिशा में सही तरीके से काम करने की जरूरत रहेगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों को जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए, अन्यथा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपको अपने परिवार से जुड़ी कुछ बड़ी जिम्मेदारियां निभाने के अधिक धनराशि खर्च करनी पड़ सकती है। प्रेम संबध को बेहतर बनाने के लिए अपने साथी पर सिर्फ अपनी चलाने की बजाए उसकी मजबूरियों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास करें। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में पीले पुष्प और पीला चंदन अर्पित करके नारायण कवच का पाठ करें। 
विज्ञापन

6 of 12
Virgo Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
कन्या 
कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह सोचे हुए काम को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त परिश्रम और प्रयास करना पड़ सकता है। सुखद पहलू यह है कि आपके कोशिशें रंग लाएंगी और आपके लंबे समय से अटके काम पूरे होंगे। आप अपने आत्मविश्वास और साहस के बल पर बड़े से बड़े मसले को सुलझाने में कामयाब रहेंगे। खास बात यह कि ऐसा करते समय आपको परिजन और मित्रों का पूरा सहयोग और समर्थन हासिल रहेगा। इस सप्ताह कामकाजी महिलाओं को कार्यस्थल और घर के बीच तालमेल बिठाने में थोड़ी मुश्किलें आ सकती हैं। इस दौरान आपको अपने काम निबटाने के लिए समय और ऊर्जा दोनों प्रबंधन करके चलना होगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में अचानक से कुछेक बड़े खर्च और सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस दौरान आपका स्वास्थ्य दगा दे सकता है इसलिए अपने खानपान और दिनचर्या का खूब ख्याल रखें। कुल मिलाकर कन्या राशि के जातकों को अपनी सेहत को सही रखने के लिए अपनी जीवनशैली सही रखना होगा और नशे आदि से दूर रहना होगा। यदि आप अपने व्यवसाय में बदलाव या फिर विस्तार की सोच रहे हैं तो ऐसा करने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह जरूर लें। प्रेम संबंध प्रगाढ़ बने रहेंगे। जीवनसाथी के साथ सुखद समय बिताने के अवसर मिलेंगे। 
उपाय: प्रतिदिन श्रीयंत्र की पूजा और श्रीसूक्त का पाठ करें। 
विज्ञापन

7 of 12
Libra Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
तुला 
तुला राशि के जातकों को इस सप्ताह शुभता और सौभाग्य लिए है। इस सप्ताह आपको न सिर्फ तमाम स्रोतों से लाभ होगा बल्कि आपकी वाहन, भूमि, भवन जैसी तमाम बड़ी मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं। सप्ताह की शुरुआत किसी धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए होगी। इस दौरान तीर्थाटन के योग बनेंगे। किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से सत्ता-सरकार से जुड़े मामले सुलझेंगे। चूंकि इस दौरान आपको सौभाग्य का पूरा साथ मिल रहा है, ऐसे में आपको अपने निजी एवं कारोबारी मसलों को दिलेरी के साथ समय पर निबटाने की जरूरत रहेगी। किसी मित्र या परिजन की मदद से पैतृक संपत्ति विवाद आपसी सुलह के जरिए सुलट जाएंगे। सप्ताह के मध्य में अपने मित्र एवं परविार के साथ हंसी-खुशी समय बिताने का अवसर मिलेंगे। इस दौरान लोगों के साथ मेलजोल बढ़ेगा और लोगों के सहयोग और समर्थन से आपके भीतर आत्मविश्वास बढ़ेगा। नतीजतन आप बगैर किसी भय और तनाव के बड़े फैसले लेने में कामयाब रहेंगे। व्यवसाय में लिए निर्णय बड़े लाभ का कारण बनेंगे। प्रेम संबंध के लिए यह समय बेहद अनुकूल रहने वाला है। लव पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के मौके मिलेंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। 
उपाय: प्रतिदिन स्फटिक से बने शिवलिंग की सफेद चंदन से पूजा तथा रुद्राष्टकं का पाठ करें।

8 of 12
Scorpio Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक 
वृश्चिक राशि वालों का आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय आसानी से टूटता नहीं है लेकिन उन्हें इस सप्ताह किसी भी काम को करते समय अतिआत्मविश्वास से बचने की जरूरत रहेगी अन्यथा फायदे की जगह नुकसान झेलना पड़ सकता है। नौकरीपेशा लोग कार्यक्षेत्र में उतनी ही काम की जिम्मेदारी लें, जितना समय पर पूरा करके दे सकें। इस प्रकार व्यवसाय में जोखिम भरे निवेश से बचें और कारोबार का विस्तार या फिर उसमें बदलाव करने का अहम फैसला खूब सोच-विचार कर करें। इस सप्ताह किसी के बहकावे में आकर किसी ऐसी योजना में धन न लगाएं जहां पर उसके फंसने की आशंका हो। साथ ही साथ किसी को सोच-समझकर ही धन उधार दें। वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह ज्यादा पैसे कमाने या परेशानियों से बचने के लिए शार्टकट लेने से बचना चाहिए। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी की आलोचना या निंदा करने से बचें अन्यथा आपके बने-बनाए संबंध टूट सकते हैं। यदि एक कदम पीछे खींचने से दो कदम आगे जाने की संभावना बन रही हो तो रिश्ते-नाते को मधुर बनाए रखने के लिए ऐसा करने में जरा भी संकोच न करें और सभी को मिलाजुला कर चलें। इस सप्ताह लव पार्टनर से मुलाकात होने में कुछेक मुश्किलें आ सकती हैं, जिसके कारण मन थोड़ा खिन्न रहेगा। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमत उपासना और हनुमान चालीसा का पाठ करें। 

9 of 12
Saggitarius Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए हुए हैं। इस सप्ताह आपको जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सौभाग्य का साथ मिलेगा। करियर-कारोबार के क्षेत्र में बड़ी सफलता और लाभ की प्राप्ति होगी। चूंकि आपके सभी काम समय पर पूरे होते हुए नजर आएंगे, इसलिए आपके भीतर एक अलग ही ऊर्जा और उत्साह देखने को मिलेगा। इस सप्ताह आप बगैर किसी भय या चिंता के जोखिम भरे काम को आसानी से निबटाने में कामयाब रहेंगे। कारोबार में यही जोखिम आपके बड़े लाभ का कारण बनेगा तो वहीं कार्यक्षेत्र में आप अपनी बुद्धि और विवेक से बेहतर प्रदर्शन करते हुए नजर आएंगे। आपकी लोकप्रियता पेशागत व व्यक्तिगत साख में काफी ईजाफा होगा। कार्यक्षेत्र और निजी जीवन में लोग आपके फैसलों की प्रशंसा करेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में आप आप लम्बे समय से लटके पड़े मुद्दों का निपटारा करेंगे, जिससे आपके घर-परिवार और निजी जीवन में ज्यादा समरसता, शान्ति व सन्तुष्टि आयेगी। प्रेम संबध कीदृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल है। यदि आप किसी से अपने दिल की बात कहना चाहते हैं ऐसा करने पर आपकी बात बन जाएगी। अविवाहित लोगों का विवाह तय हो सकता है। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। सेहत सामान्य रहेगी। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की केसर का तिलक लगाकर पूजा एवं श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। 

10 of 12
Capricorn Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
मकर 
इस सप्ताह परिश्रम का पूरा फल न मिलने और कार्य में कुछेक बाधा आने के कारण मकर राशि के जातकों का मन परेशान रहेगा। कामकाज के सिलसिले में बेवजह की भागदौड़ करनी पड़ सकती है। निजी जीवन से जुड़ी जिम्मेदारियां और चुनौतियां आपके पेशेवर काम को प्रभावित करेंगी। मकर राशि के नौकरीपेशा जातकों को इस सप्ताह अपने गुप्त शत्रुओं से खूब सावधान रहने की जरूरत रहेगी क्योंकि वे आपके काम में अड़ंगे डालने या फिर उसे बिगाड़ने के लिए षडयंत्र रच सकते हैं। इस दौरान आपको किसी लालच में आकर गलत काम करने से बचना चाहिए अन्यथा बेवजह की बदनामी के साथ कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में संतान से जुड़ी कोई चिंता आपकी मानसिक परेशानी का कारण बन सकती है। इस दौरान आपको जिम्मेदारियों से भागने की बजाय उसे निभाने की आवश्यकता रहेगी। यदि आप कोई कार्य कर रहे हैं तो आपको उससे जुड़ी प्रशंसा पाने के साथ उसकी आलोचना झेलना का भी माद्दा रखना होगा। प्रेम संबंध के लिए यह सप्ताह मिलाजुला रहने वाला है। ऐसे में लव पार्टनर के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखें और कोई ऐसा काम न करें जिससे आपके रिश्ते में दरार आए। जीवनसाथी की सेहत चिंता सताएगी।
 
उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की साधना करें तथा शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के नीचे आटे का चौमुखा दीया बनाकर सरसों का तेल डालकर जलाएं।

11 of 12
Aquarius Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों को इस सप्ताह किस्मत का पूरा साथ मिलेगा। सप्ताह की शुरुआत में ही किसी शुभ समाचार की प्राप्ति से घर-परिवार में खुशी का माहौल बना रहेगा। घर में धार्मिक-मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। परिवार के सदस्यों के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। इस सप्ताह अविवाहित लोगों का विवाह तय हो सकता है। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को मनचाही सफलता प्राप्त हो सकती है। किसी इष्ट-मित्र या प्रोफशनल व्यक्ति की मदद से आप किसी कानूनी मामले का निबटारा करने में कामयाब हो जाएंगे। व्यापार और घर-परिवार से जुड़ी समस्याओं का समाधान आसानी से निकल आएगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों की मार्केट में साख बढ़ेगी। यदि आप किसी मिशन पर काम कर रहे हैं तो आपको न सिर्फ अपनों का बल्कि अप्रत्याशित रूप से पराए लोगों का भी सहयोग और समर्थन मिलेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपको अपने टारगेट को पूरा करने के लिए थोड़ा अधिक परिश्रम और भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान आपको अपने सहकर्मियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर रखने की जरूरत रहेगी। साथ ही साथ ही अपनी सेहत का भी ख्याल रखना होगा। प्रेम प्रसंग के लिए यह सपताह पूरी तरह से अनुकूल है। लव पार्टनर के साथ रिश्ते प्रगाढ़ होंगे। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें तथा शनिवार के दिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति को कंबल दान करें। 
विज्ञापन

12 of 12
Pisces Weekly Horoscope - फोटो : अमर उजाला
मीन 
मीन राशि के जातकों को इस सप्ताह हारिए न हिम्मत, बिसारिए न राम महामंत्र याद रखना होगा और किसी भी चुनौती का विवेक और साहस के साथ सामना करने की जरूरत रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को यह बात समझना होगा कि ऐसी कोई भी समस्या नहीं जिसका समाधान नहीं है। खास बात यह कि जब आप कार्यक्षेत्र से जुड़ी मुश्किलों को दूर करने के लिए प्रयास करेंगे तो पाएंगे कि न सिर्फ कामयाबी के रास्ते बनते चले जा रहे हैं, बल्कि दूसरे लोगों का भी खूब साथ मिल रहा है। सप्ताह के मध्य में पैतृक संपत्ति आदि को लेकर परिवार के सदस्यों के साथ मतभेद हो सकता है। ऐसे मुद्दे को सुलझाते समय इस बात का खूब ख्याल रखें कि मतभेद मनभेद में न बदलने पाए। इस दौरान असमंजस की स्थिति में कोई फैसला लेने की बजाय उसे आगे के लिए टालना बेहतर रहेगा। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको बाजार में अपनी साख को बनाए रखने के लिए कंपटीटर्स के साथ कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। प्रेम प्रसंग की दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य रहने वाला है। उतार-चढ़ाव भरे जीवन के बीच आपका लव पार्टनर अथवा आपका जीवनसाथी आपका संबल बनेगा। 

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में उनके मंत्र का कम से कम एक माला जप करें तथा किचन में बनी पहली रोटी गाय के लिए निकालें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें