अमरीकी वैज्ञानिकों का कहना है कि कार्यस्थल में अधिकार संपन्न महिलाओं के अवसाद में जाने की आशंका पुरुषों के मुक़ाबले ज़्यादा होती हैं।
पुरुषों को अधिकार, जैसे कि लोगों को रखने और निकालने के, मिलने पर उनमें अवसाद के लक्षण घट जाते हैं।
'जनरल ऑफ़ हेल्थ एंड सोशल बिहेवियर' में छपे इस शोध के लिए 2,800 अधेड़ महिलाओं और पुरुषों से बात की गई।
ऑस्टिन में टेक्सास विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने 1993 और 2004 में विस्कॉन्सिन हाईस्कूल के 1300 पुरुष और 1500 महिला स्नातकों से फ़ोन पर तब बात की थी, जब उनकी उम्र 54 और 64 साल थी।
शोधकर्ताओं ने प्रतिभागियों से नौकरी में अधिकार और उन दिनों के बारे में पूछा जब उन्हें अवसाद के लक्षण महसूस हुए- जैसे कि उदास महसूस करना और यह सोचना कि उनकी ज़िंदगी नाकाम हो गई है।
जिन महिलाओं के पास नौकरी में रखने, निकालने, वेतन को प्रभावित करने के अधिकार थे, उनमें ऐसी महिलाओं के मुक़ाबले अवसाद के लक्षण नौ फ़ीसदी ज़्यादा नज़र आए, जिनके पास ये अधिकार नहीं थे।
इसके विपरीत आदमियों में अवसाद के लक्षण 10 फ़ीसदी कम थे।