गैस सब्सिडी के लिए उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार ने बैंकों में खाता लिंकअप कराने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया है। मेरठ शहर की सभी गैस एजेंसियों पर फॉर्म भी आ गए हैं।
एक जनवरी से गैस सब्सिडी सीधे उपभोक्ता के खाते में आनी शुरू हो जाएगी। सभी उपभोक्ताओं को अपना खाता बैंक से लिंकअप कराना होगा। इसके लिए गैस एजेंसी से फार्म लेकर भरना है। फॉर्म को दो कैटेगरी में बांटा गया है। जिन उपभोक्ताओं के पास आधार कार्ड है, उनका फॉर्म अलग है। जो अभी तक आधार कार्ड नहीं बनवा पाएं है वे दूसरा फॉर्म भरेंगे।
केंद्र की गाइड लाइन में कहा गया है कि जो उपभोक्ता 31 मार्च तक फॉर्म नहीं भर पाएंगे, वे जून के अंत तक प्रक्रिया पूरी कर लें। उनकी अप्रैल से जून तक की सब्सिडी एक साथ दे दी जाएगी। जिले के सभी गैस वितरकों ने गैस सब्सिडी खाते में भेजे और फॉर्म की जानकारी भी देनी शुरू कर दी है। जिन उपभोक्ताओं के आधार कार्ड जून तक भी नहीं आते हैं वह भविष्य में कभी भी अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी बैंक और गैस एजेंसी पर जमा कर सकते हैं।
कालाबाजारी पर लगेगी रोक
इस व्यवस्था से गैस की कालाबाजारी पर रोक लगेगी। उपभोक्ता को समय से गैस मिलेगी। फर्जी आईडी या दो गैस कनेक्शन लेने वालों को समस्या का सामना करना पड़ सकता है।