दिवंगत भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटियां पंकजा और प्रीतम मुंडे ने अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में शानदार जीत दर्ज की है।
प्रीतम ने पिता के निधन के बाद खाली हुई बीड संसदीय सीट के लिए हुए उपचुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी अशोक पाटिल को रिकार्ड करीब सात लाख वोटों से पराजित किया। प्रीतम को 9,22,416 वोट मिले जबकि कांग्रेस के पाटिल को 2,26,095 वोट मिले। इस तरह प्रीतम ने रिकार्ड 6,96,321 वोटों से जीत हासिल की।
इससे पहले वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक वोटों से जीतने का रिकार्ड माकपा के अनिल बसु ने बनाया था। उन्होंने पश्चिम बंगाल की अरामबाग सीट से अपने प्रतिद्वंद्वी को 5,92,502 वोटों से हराया था।
पंकजा ने परली विधानसभा सीट से एनसीपी उम्मीदवार और चचेरे भाई धनंजय मुंडे को 25,895 वोटों से हराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मुंडे बहनों के लिए बीड में रैली की थी।
शिव सेना ने दोनों बहनों के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारा था। एनसीपी ने भी गोपीनाथ मुंडे के सम्मान में बीड उपचुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।