खेतों में काम करने वाले किसानों के होश उड़े हुए हैं और काम करते वक्त उन्हें हर पल मौत करीब ही नजर आती है। मामला गंभीर हो चला है, इसलिए समाधान भी गंभीर निकालना होगा।
कर्नाटक के मैसूर जिले के चिक्काबारगी इलाके में एक हफ्ते से भी कम समय में चार लोगों पर हमला कर उनकी जान लेने वाले बाघ को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं।
राज्य के वन मंत्री रामनाथ राय ने बताया कि गांव वालों के प्राणों की रक्षा के मद्देनजर हमलावर बाघ को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी किया गया है।
हाल की ताजा घटना में मंगलवार को अपने खेत में काम कर रहे एक 55 वर्षीय किसान पर बाघ ने हमला कर उसके शव को झाड़ियों में खींच ले गया था, बाद में उसका सिर और क्षत-विक्षत अंग बरामद हुए थे।
राज्य के बांदीपुर और नगराहोल टाइगर रिजर्व इलाके में अभी तक इस बाघ ने चार ग्रामीणों को मार डाला है। इनमें से तीन को बाघ ने गत शनिवार को अपना शिकार बनाया था।
बाघ को पकड़ने के उपायों पर राय ने कहा कि पुलिस और वन विभाग ने 70 राउंड गोलियां चलाईं, लेकिन उसे पकड़ने में नाकाम साबित हुए।
उन्होंने कहा, "अधिकारियों ने हाथियों की मदद से तलाशी अभियान छेड़ा है और उसकी लोकेशन पता लगा ली है। इसके अलावा टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के 50 लोग भी लगाए गए।"