अपनी तीखी बयानबाजी को लेकर चर्चाओं में रहने वाले समाजवादी पार्टी के गरम मिजाज नेता और नगर विकास मंत्री आजम खां एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोमवार को आजम खां के बेटे का निकाह है। सादगी पसंद होने का दावा करने वाले आजम खां ने बेटे के निकाह में पच्चीस हजार लोगों को निमंत्रण दिया है। पूरे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं।
आजम खां के बेटे के निकाह में समाजवार्दी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव, यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव सहित कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शामिल हो रही हैं। इस निकाह के मद्देनजर यूपी पुलिस ने जिले के सभी लाइसेंसधारियों को अपने-अपने हथियार जमा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। राज्य में यह पहला मौका है जब किसी के निकाह के चलते हथियार जमा करवाए जा रहे हैं।
निकाह की तैयारी में पूरे जिले का प्रशासन पिछले एक सप्ताह से जुटा है। 2 जनवरी को दावत-ए-वलीमा रखा गया है। वहीं, जिला प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और विशिष्ट व्यक्तियों के आने-जाने के अलावा निकाह में उसकी कोई भूमिका नहीं है।