शनिवार को एसटीएफ ने समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के फरीदपुर (बरेली) नगर अध्यक्ष अजीज अंसारी उर्फ मुल्ला समेत चार लोगों को दस किलो अफीम के साथ द्वारिकेश चीनी मिल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक लग्जरी कार भी बरामद की गई है। डीआईजी ने पकड़े गए तस्करों से पूछताछ करके जेल भिजवा दिया।
अजीज अंसारी कस्बा फरीदपुर के मोहल्ला मिर्धान का रहने वाला है। उसके साथ कस्बे के ही मोहल्ला भरतपुर निवासी सत्यवीर सिंह, बदायूं के अलापुर निवासी दो सगे भाइयों शशांक और शार्दुल विक्रम शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। ये चारों मालदा (बिहार) के पास के गांव सुरजनपुर जलालपुर से अफीम खरीद कर लग्जरी कार से आ रहे थे।
सूचना पर एसटीएफ की बरेली इकाई के उपनिरीक्षक अजय पाल सिंह अपनी टीम के साथ द्वारिकेश चीनी मिल के पास शुक्रवार को तड़के से ही लगे हुए थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे अफीम तस्करों की कार जैसे ही चीनी मिल के पास पहुंची एसटीएफ ने घेरकर रोक ली। तलाशी लेने पर कार के सामने वाले शीशे और बोनट के बीच स्थान में पैकेट बनाकर रखी गई दस किलो अफीम मिली।
कई महीनों से हो रही थी तस्करों की तलाश
एसटीएफ टीम तस्करों को पकड़कर फरीदपुर कोतवाली ले आई। पूछताछ की गई तो गिरोह के सरगना अजीज अंसारी ने खुद को सपा अल्पसंख्यक मोर्चा का फरीदपुर का नगर अध्यक्ष बताया। सत्यवीर अजीज का पुराना साथी है।
एसटीएफ के प्रभारी ने बताया कि तस्कर लोकल में सप्लाई के अलावा अफीम पंजाब, पश्चिम बंगाल और दिल्ली तक भेजते थे। इस गैंग में और भी लोग शामिल हैं।
टीम कई महीने से इन तस्करों की तलाश में लगी थी। सपा नेता के बाकी साथियों की भी तलाश की जा रही है। फिलहाल चारों को फरीदपुर थाने से कोर्ट ले जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
अफीम में मिलावट करके बेचते थे
तस्कर बिहार से करीब पचास हजार रुपये किलो के हिसाब से अफीम खरीदकर लाते हैं। फिर अफीम में वे बॉर्नवीटा मिलाकर बेचते थे। ऐसा अधिक मुनाफा पाने के लिए करते थे।
एसटीएफ ने अफीम तस्करों को पकड़कर थाना फरीदपुर में दाखिल कर दिया था। उनका चालान करके जेल भिजवा दिया है। समाजवादी पार्टी का कौन नेता इस गैंग में शामिल है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है- बृजेश श्रीवास्तव, एसपी देहात,बरेली।
एसटीएफ ने किसे गिरफ्तार किया है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। यदि अजीज अंसारी हमारी पार्टी का होगा तो निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। - वीरपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सपा।