नरौरा के प्रमुख चौराहे के निकट नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक निजी बस में सवार युवती से बस के परिचालक और दो अन्य युवकों ने गैंगरेप की कोशिश की। युवती के साथ उसका पति भी था।
विरोध करने पर आरोपियों ने युवती और उसके पति की जमकर पिटाई भी की। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नरौरा थाना प्रभारी राजवर्द्धन गौड़ ने बताया कि नगर के प्रमुख रूप चौराहे के निकट आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक युवक और युवती रोते-बिलखते मिले।
स्थानीय लोगों के पूछने पर दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया। युवती को रोते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई।
बस परिचालक समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज
युवती ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा के झज्जर जिले की रहने वाली है। उसका पति संभल जिले का रहने वाला है। दोनों हरियाणा से आ रहे थे और दिल्ली से संभल के लिए एक निजी बस में सवार हुए थे।
युवती ने बताया कि नरौरा पहुंचकर परिचालक ने बस रोक दी और रात में वहीं ठहरने को कहा। विरोध करने पर परिचालक और उसके साथियों ने युवक और युवती से मारपीट की और छेड़छाड़ के बाद युवती से गैंगरेप की कोशिश की।
युवती के पति की तहरीर पर बस परिचालक समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बदायूं और संभल रूट पर चलती है बस
जानकारी के मुताबिक जिस बस में गैंगरेप की कोशिश की गई, वह बस आमतौर पर सहसवान (बदायूं) और संभल रूट पर चलती है। हालांकि कई बार यह बस डग्गामारी कर दिल्ली से भी सवारियां उठा लेती है।
पीड़िता के पति की तहरीर पर परिचालक और उसके दो साथियों के खिलाफ गैंगरेप की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया गया है। युवती का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
- राजवर्द्धन गौड़, थाना प्रभारी, नरौरा
पीड़ित युवती की मेडिकल जांच के लिए स्लाइड्स सैंपल ले लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आने के बाद ही वास्तविक स्थिति पता चलेगी।
- डा. सत्य सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल
पीड़ित युवती का मेडिकल कराकर बयान करा लिए गए हैं। युवती के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
- राजेश कुमार, एसपी सिटी