ओपन स्कूल से बारहवीं पास करने वाले भी फार्मासिस्ट बन सकेंगे। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने ओपन स्कूल से विज्ञान संकाय में बारहवीं पास अभ्यर्थी को फार्मेसी कॉलेज में एडमिशन पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। काउंसिल ने ओपन स्कूल से दस जमा दो पास को फार्मेसी कॉलेज में एडमिशन के लिए पात्र माना है। इस बारे में सभी राज्यों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। काउंसिल के इस फैसले से हजारों युवाओं को राहत मिली है।
पहले ओपन स्कूल से बारहवीं पास अभ्यर्थी एलोपैथी में फार्मेसी करने के लिए पात्र नहीं थे। इसके चलते ओपन स्कूल से पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। ये बारहवीं में अच्छे अंक लेने के बावजूद एलोपैथी में बी-फार्मेसी करने से वंचित रह जाते थे। ओपन स्कूल से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की इस समस्या को फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के समक्ष उठाया गया था। इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।