ओडिशा के बालासोर जिले में शनिवार को कोयले से लदे एक ट्रक से बस की टक्कर में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना बीडू इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर दोपहर करीब 1.40 बजे हुई। हादसे में एक माल से लदा ट्रक बस से जा टकराया, जिससे बस सड़क के किनारे खाई में जा गिरी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय बस यात्रियों को उठाने के लिए सड़क पर खड़ी थी। यह मयूरभंज से भुवनेश्वर जा रही थी। दुर्घटना के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और बस खाई में गिर गई।
सुबरनापुर में एसयूवी और ट्रक की टक्कर
दूसरी ओर सुबरनापुर जिले में शनिवार को एक एसयूवी और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जिसमें से तीन एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। वहीं पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना महानदी ब्रिज पर उस समय हुई जब एसयूवी सवार दस लोग कौडियामुंडा गांव से उल्लुंडा प्रखंड के निम्मा गांव अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि हादसे में पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी पांच वाहन के अंदर फंस गए थे। पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद गैस कटर की मदद से घायलों को बाहर निकाला।