एक अनोखी घटना सामने आई है। एक प्राइवेट स्कूल में मासूम बच्चे को इसलिए बंधक बना लिया क्योंकि उसकी फीस समय पर नहीं आई थी। जिसके बाद जमकर बवाल हुआ।
घटना बुलंदशहर की है। खुर्जा के एक स्कूल में समय पर छात्र को फीस जमा नहीं करना भारी पड़ गया। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने मासूम छात्र को चार घंटे तक बंधक बनाए रखा। छात्र को टार्चर करने का भी आरोप है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी स्कूल मालिक व प्रिंसिपल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पढ़ें:- मोबाइल चोरी के शक में चार किशोरों को बनाया बंधक
खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव हजरतपुर निवासी सुनील प्रताप पुत्र डालचंद ने खुर्जा नगर कोतवाली में शनिवार को दी तहरीर में कहा है कि उनका पुत्र अभय सोलंकी नगर के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा केजी बी का छात्र है। शुक्रवार को वह किसी काम से अपनी रिश्तेदारी में गया हुआ था। इस दौरान उसके फोन पर बेटे के स्कूल से फोन आया।
फोन करने वाले ने कहा कि जब तक बच्चे की स्कूल फीस जमा नहीं होती तब तक उसे स्कूल से नहीं जाने दिया जाएगा। जबकि पीड़ित का कहना है कि वह समय से फीस जमा करता है। पिता सुनील प्रताप के मुताबिक दोपहर को दो बजे वह स्कूल पहुंचा तो बताया गया कि उनके पुत्र को घर भेज दिया गया है।
फाइल
- फोटो : सांकेतिक चित्र
इसके बाद पीड़ित घर पहुंचा, लेकिन उसका बेटा घर नहीं पहुंचा था। पीड़ित अपने भाई और अन्य लोगों को साथ लेकर स्कूल पहुंचा। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने छात्र को चार घंटे से बंधक बना कर रखा था। हंगामे के बाद पीड़ित पिता अपने मासूम पुत्र को लेकर घर आ गया।
शनिवार को थाने में दी तहरीर में पीड़ित पिता ने स्कूल मालिक अशोक सैनी और स्कूल प्रधानाचार्य ए भानू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी स्कूल मालिक और प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें: ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचे वाहन चालक को ग्रामीणों ने बंधक बनाया
स्कूल मालिक अशोक सैनी ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं, स्कूल में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। बच्चे को बंधक नहीं बनाया गया था। छात्र की फीस आठ सितंबर को ही जमा की गई है। ऐसे अन्य छात्र भी हैं, जिनकी फीस जमा नहीं है। पहले कभी किसी ने आरोप नहीं लगाए, न ही फीस को लेकर कभी किसी छात्र को स्कूल में प्रताड़ित किया गया है।
खुर्जा नगर के कोतवाली निरीक्षक भानु प्रताप सिंह स्कूल में केजी के छात्र को बंधक बनाने का मामला संज्ञान में आया था। मासूम के पिता की तहरीर पर आरोपी स्कूल मालिक और प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।