पुलिस को खुली चुनौती देते हुए नकाबपोश छह बदमाशों ने सोमवार रात बीच शहर में समाजवादी पार्टी नेता मनीष पाल के भाई आशीष पाल को गोलियों से भून दिया। सैलून में साथ शेविंग कराने के लिए गए अपना दल के नेता पर भी फायरिंग की गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने सैलून के बाहर से पांच कारतूस के खोखे बरामद किए।
पुलिस रंजिश समेत मृतक के जोगापुर में रहने के दौरान हुई घटनाओं को भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि शूटर केवल सपा नेता के भाई की हत्या करने आए थे। नगर कोतवाली के टक्करगंज निवासी मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव मनीष पाल का छोटा भाई आशीष पाल उर्फ जान (26) पुत्र रामलखन पाल अपना दल युवा मंच के प्रांतीय महासचिव पंकज शुक्ला के साथ रहता था। सोमवार की रात दोनों सिनेमा रोड स्थित ननकऊ जेन्ट्स पार्लर में शेविंग कराने पहुंचे।
थोड़ी देर बाद आशीष शेविंग कराने लगा, तभी तीन बाइक पर सवार 6 नकाबपोश बदमाश पहुंचे। सैलून के भीतर घुसे बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं। अपना दल नेता ने विरोध करने का प्रयास किया तो उसके ऊपर भी फायरिंग कर दी गई, हालांकि वह बाल-बाल बच गया।
घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे फायरिंग करते हुए पहले से स्टार्ट बाइकों पर सवार होकर सब्जी मंडी की ओर भाग निकले। गोली लगने से आशीष का जबड़ा टूट गया था और दो गोलियां हाथ को चीरते हुए निकल गई थीं। उसे जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। एसआरएन अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर प्रभारी शहर कोतवाल और सीओ सिटी रमेशचंद्र घटनास्थल पर पहुंचे। सैलून के बाहर पुलिस ने पिस्टल के पांच खोखे बरामद किए। भोर में शव का पोस्टमार्टम हुआ। घटना की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। इस मामले में परिजनों ने अब तक तहरीर नहीं दी थी।