एक दरोगा ने बुजुर्ग को थप्पड़ मारा और धक्का दिया। इस पर बुजुर्ग ऐसा खतरनाक कदम उठाया कि लोग दंग रह गए, जानिए बुजुर्ग ने क्या किया।
घटना उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले की है। जिजयावन गांव में दरोगा ने एक वृद्घ सुरेंद्र यादव (60 वर्ष) को धमकाया, थप्पड़ मारा और फिर धक्का देकर गिरा दिया। इससे क्षुब्ध होकर सुरेंद्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पढ़ें- बेटे की हत्या कर खुद लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा कुछ ऐसा सब रह गए हैरान
सुरेंद्र का दोष इतना भर था कि उसकी गर्भवती पुत्रवधू को उसके तीन वर्षीय बच्चे के साथ परिवार का ही एक युवक फुसलाकर ले गया। इस मामले की सुरेंद्र ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और वह कार्रवाई के लिए अफसरों के यहां चक्कर लगा रहा था। मृतक के पुत्र की शिकायत पर एसपी ने जांच सीओ सदर को सौंप दी है।
जानकारी के अनुसार जिजयावन गांव निवासी सुरेंद्र सिंह यादव खेत पर बने मकान में परिवार सहित रहता था। दो माह पहले उसकी गर्भवती पुत्रवधू को तीन वर्षीय पुत्र के साथ परिवार का ही एक युवक फुसलाकर ले गया। इसकी रिपोर्ट सुरेंद्र ने कोतवाली में दर्ज कराई थी।
इस मामले की जांच में हीलाहवाली के कारण पीड़ित कार्रवाई की मांग करता हुआ अफसरों के दफ्तरों में चक्कर लगाता रहा। सुरेंद्र के बेटे अजयपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को जब उसके पिता घर पर थे, इसी दौरान मामले की जांच कर रहे दरोगा गांव में आए।
मदद को आगे आए पड़ोसी
उस समय आरोपी गांव में ही थे, पर उनसे न तो पूछताछ की और न ही उन्हें पकड़ा गया। उलटे उसके वृद्ध पिता सुरेंद्र को बुलाकर दरोगा ने अभद्रता की। अभद्रता के विरोध पर दरोगा ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी, थप्पड़ मारा और बाद में मारपीट कर धक्का देकर गिरा दिया।
इससे उसके वृद्ध पिता मानसिक तनाव में आ गए और घर जाकर गुमसुम बैठ गए। अजयपाल ने आगे बताया कि जब उसका चाचा लल्लू राजा शौचक्रिया के लिए जा रहा था, तो गांव के देवी सिंह के खेत में लगे आम के पेड़ पर सुरेंद्र का शव लटका देख परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पढ़ें- पिता ने नशा करने से रोका था, युवक ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि लोग रह गए दंग
क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु गौरव और कोतवाली प्रभारी भरत कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र अजयपाल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
ललितपुर पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने कहा कि सुरेंद्र की मौत को लेकर आरोपों की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंप दी गई है। मृतक के पुत्र अजयपाल द्वारा दिए गए शिकायती पत्र को गंभीरता से लिया जाएगा।