लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में मंगलवार को मुर्गी फार्म में खेल रही चार साल की बच्ची को एक दरिंदा मुंह दबाकर उठा ले गया और कुछ दूर स्थित गन्ने के खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं पास में काम कर रहे बच्ची के पिता ने जब कुछ देर उसे नहीं देखने पर तलाश शुरू की तो वह खेत में तड़पती मिली।
खून से लथपथ बच्ची को लेकर घर वाले कोतवाली पहुंचे। हालत को देखते हुए तुरंत उसे जिला महिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें- चचेरे भाई ने ही कर दिया रिश्ता कलंकित, छह साल की बच्ची पर भी नहीं आया रहम
थाना हैदराबाद क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह गोला कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मुर्गी फार्म पर मजदूरी करता है और वहीं पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। मुर्गी फार्म बड़ा होने के कारण फार्म मालिक ने उसे पॉलिथीन लगाकर दो हिस्सों में बांट दिया है। मंगलवार को वह अपनी पत्नी के साथ मुर्गी फार्म के एक हिस्से में चूजों को दाना-पानी दे रहा था और उसकी चार वर्षीय पुत्री दूसरे हिस्से में खेल रही थी। इसी बीच एक युवक फार्म के अंदर घुस आया और मुंह दबाकर बच्ची को कुछ दूर स्थित खेत में ले गया।