उत्तर प्रदेश में फलावदा (मेरठ) इलाके के नागौरी गांव में छोटे भाई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बड़े भाई की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद ग्रामीण मदद के लिए आगे नहीं आये।
सूचना पर एसपी देहात समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंझले भाई ने छोटे भाई समेत तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
फलावदा थाना क्षेत्र के नागौरी निवासी संजय राठी (45) पुत्र बल्लम सिंह गाजियाबाद में पारस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में मैनेजर के पद पर तैनात था। उसके दो छोटे भाई अरविंद और अजय राठी हैं। संजय अपने गांव नागौरी आया हुआ था। बुधवार रात संजय घर में सो रहा था।
इस बीच सबसे छोटे भाई अजय राठी ने गांव के ही अपने साथियों विवेक पुत्र जयचंद और अंकित पुत्र अशोक कुमार के साथ मिलकर संजय पर फावड़े से हमला कर दिया।
हमला होते देख प्रीति ने लगाई गुहार, किसी ने नहीं बचाया
प्रतीकात्मक तस्वीर
अपने जेठ पर हमला होता देखकर दूसरे कमरे में मौजूद प्रीति ने शोर मचाते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन बचाव में कोई नहीं आया। आरोपी मैनेजर की हत्या करने के बाद फरार हो गये। सूचना
पर कार्यवाहक एसओ फलावदा, सीओ मवाना अब्दुल कादिर, एसपी देहात डॉ. प्रवीन रंजन फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यवाहक एसओ मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक के मंझले भाई अरविंद की तहरीर पर अजय राठी, विवेक और अंकित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एसओ ने बताया कि जांच पड़ताल में मौत का कारण अवैध संबंध और जमीन कब्जाने का सामने आया है। अजय की पत्नी ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पूर्व उसके पति (अजय) व पति के दो दोस्तों ने उसके साथ मारपीट की थी। जिसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस पति पर कार्रवाई करती तो वह इतनी बड़ी हत्या को अंजाम नहीं देता।