गुजरात में छोटा उदयपुर जिले के कलेदिया गांव में 45 वर्षीय महिला और उसके 50 वर्षीय प्रेमी को भरी पंचायत में लाठियों से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों की पिटाई करने के आरोपी को गिरफ्तार किया।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, पुलिस ने बताया कि पंचायत में प्रेमी जोड़े की पिटाई करने का मामला 24 जून का है। महिला ने पंचायत के बाद आरोपी प्रेमी सोमा के खिलाफ बलात्कार करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने महिला के पति शना तावडी के खिलाफ भी प्रेमी जोड़े को पीटने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सोमा और महिला कुछ दिन पहले अपनी नई जिंदगी शुरू करने सौराष्ट्र चले गए। लेकिन महिला का पति उसे ढूढ़ते हुए सौराष्ट्र से वापस घर ले आया। इसके बाद अपने समुदाय के लोगों की पंचायत बुलाई गई। इस पंचायत में पंचों से अधेड़ प्रेमी जोड़े को उनके कर्मों की सजा देने की बात कही गई।