मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक शख्स ने नवविवाहित पत्नी से परेशान आकर सुसाइड कर लिया। मरने वाले शख्स की पहचान मुकेश कुशवाहा के रूप में हुई है और उसने कमरे में पंखे से लटक कर सुसाइड किया है। मुकेश किराए के कमरे में रहता था और वह एक डेंटल छात्र था।
मकान मालिक को मुकेश की सुसाइड का शक तब हुआ, जब वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। इस बीच उसने पुलिस को खबर कर दी और पुलिस ने उसे मौके से मृत पाया। खबरों के अनुसार उसकी पत्नी शादी के 10 दिन बाद ही मायके लौट गई थी।
बोला, 'अब जीने का कोई मतलब नहीं'
- फोटो : bureau
पुलिस के मुताबिक कमरे में पंखे से खुद को लटका देने वाले मुकेश कुशवाहा के पास से चार पेज का सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में सबसे मार्मिक संदेश उसने लिखा कि उसने मेरा जीना हद से ज्यादा मुश्किल कर दिया था, मैंने मनाने और समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन अब जीने का कोई मतलब नहीं है।
बताया जा रहा है कि ग्वालियर के माधौगंज के रहने वाले मुकेश की शादी जनवरी में हुई थी, लेकिन रिश्ते में खटास चंद दिनों में ही दस्तक दे गई और उसका अंजाम मुकेश की मौत निकली। झगड़े के बाद नाराज पत्नी को मुकेश ने कई बार घर लाने की कोशिश की, लेकिन उसके हाथ हर बार नाकामी लगी।
खबरों के अनुसार मुकेश और उसके परिवार के खिलाफ पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का केस भी दर्ज कराया था। इस वजह से भी मुकेश परेशान रहने लगा था। मुकेश के शव को पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस मौके से मिले सुसाइड नोट के आधार पर जांच कर रही है।