मोहाली के अकाउंटेंट से 18 अगस्त को हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में चंडीगढ़ की पहली महिला कैब ड्राइवर के रूप में मशहूर फिरोजपुर के तलवंडी निवासी नवदीप कौर और उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन्होंने अकाउंटेंट से बंदूक के बल पर लूटपाट की थी। मामले में गिरफ्तार अन्य दो साथियों की पहचान मोगा निवासी अनिल कुमार सोनू और गुरप्रीत जालंधर के थाना लांबड़ा के गांव नाहलां के गुरप्रीत उर्फ गोपी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक इनका एक साथी रिंका फरार है।
आरोपियों ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनका प्लान लुधियाना की जेल में बंद गैंगस्टर दीपक कुमार उर्फ बिन्नी गुज्जर को कोर्ट में पेशी के दौरान फरार करवाना था। इसी कारण उन्होंने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल की गई गाड़ी, एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर, 2 मैगजीन, 8 कारतूस 7.65 बोर, 3 कारतूस 32 बोर और 350 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया है।
बता दें कि गुरविंदर सिंह उर्फ शैली चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में 6 बैंक डकैतियों को अंजाम देने के मामले में बंद है। जबकि नवदीप कौर का जेठ यादविंदर सिंह उर्फ लाली फिरोजपुर जेल में बंद है। वहीं दोनों भाई गुरविंदर और यादविंदर थाना बस्ती बावा खेल जालंधर में डकैती की तैयारी करने और आर्म्स एक्ट के मामले में भगोड़ा घोषित हैं।
अकाउंटेंट इंद्रजीत सिंह ने पुलिस में शिकायत की थी कि सन्नी एंक्लेव, मोहाली के पास 3 युवकों ने बंदूक के बल पर उन्हें उसकी ही कार में बिठाकर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे डरा धमकाकर एटीएम से 40 हजार रुपए निकलवाए। साथ ही इस दौरान एक ढाबे पर खाना भी खाया। इससे बाद से ही पुलिस जांच में जुटी थी।