बैंगलुरु का जेसी नगर इलाका। पब्लिक स्क्रीन पर कंगारू टीम के साथ मैच चल रहा था। कोहली की बल्लेबाजी से निकले एक-एक शॉट पर दर्शकों की सांसें थम रही थीं। क्रिकेट का जुनून अपने सबाब पर था तभी फैंस के बीच मौजूद एक पालतू कुत्ता भौंकने लगा।
कुत्ते के भौंकने से मैच के मजे में खलल पड़ने लगी। कुछ लोगों ने उसके मालिक से कहा कि उसे वहां से ले जाए।
कुत्ते को ले जाने की बात पर झगड़ा हो गया। कुछ लोगों ने कुत्ते के मालिक के साथ हाथा-पाई को अंजाम दिया। कुत्ते का मालिक थोड़ी देर में गैंग के साथ लौटा और बी.कॉम के एक छात्र समेत दो अन्य को दौड़ा लिया। फिर वो हुआ जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। छात्र की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।
मामूली विवाद में गई छात्र की जान
गैंग ने बी.कॉम के छात्र को दौड़ाकर चाकू से हत्या कर दी
- फोटो : demo
डेक्कन क्रॉनिकल की खबर के मुताबिक मृतक का नाम अविनाश जोनाथन है। अविनाश की हत्या के आरोप में पुलिस ने जॉन कैनेडी नाम के 24 वर्षीय डिलिवरी व्बॉय को गिरफ्तार किया है। कैनेडी एक सेल्स एजेंसी के लिए काम करता है।
पुलिस के मुताबिक वारदात में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में एक मृतक अविनाश का छोटा भाई अरविंद है। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता शंकर पेशे से ठेकेदार हैं एस.के गार्डन इलाके में रहते हैं। इसी इलाके में हत्यारोपी का भी घर है।
अचानक घटी इस वारदात से इलाके में हड़कंप मचा है। घरवालों को यकीन नहीं हो रहा है कि मैच देखने गया उनका दुलारा अचानक यूं आंखों से ओझल हो जाएगा। वहीं पुलिस आगे की तफ्तीश में लगी है।