इंदौर। हाल ही में तेजी से लोकप्रिय हुए खतरनाक ‘ब्लू व्हेल चैलेंज’ को खेलते हुए एक 13 वर्षीय छात्र ने अपने स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदने की कोशिश की। हालांकि अच्छी बात यह रही कि साथी छात्रों ने उसे ऐसा करने से रोक लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि कक्षा सात का छात्र राजेंद्र नगर के चमेली देवी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। बृहस्पतिवार को वह स्कूल की तीसरी मंजिल की बालकनी की रेलिंग पर चढ़ गया लेकिन उसी दौरान स्कूल के अन्य छात्रों ने उसे वहां से उतार लिया।
इसके बाद छात्रों ने शिक्षकों को इस बारे में जानकारी दी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया बच्चा पिछले कई दिनों से अपने पिता के फोन में ब्लू व्हेल गेम खेल रहा था।