अमेरिका में एच1 बी वीजा पर दोबारा समीक्षा के फैसले से लाखों भारतीय इंजीनियरों के गले पर तलवार लटकी हुई है। लेकिन इससे जुड़ा एक कड़वा सच हैदराबाद से सामने आया है, जहां एक इंजीनियर की पत्नी ने फांसी लगा कर जान दे दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला अपने बच्चों और पति से साथ कुछ समय पहले अमेरिका से भारत आ गए थे।
भारत लौटने के पीछे वजह एच 1 बी वीजा था। सुसाइड करने वाली रश्मि शर्मा पुप्पालागुडा के अल्कपुर कॉलोनी में रहती थी। वो उस वक्त घर में मृत मिली, जब उसका पति और बच्चे बाहर सामान लेने गए थे। बताया जा रहा है कि अमेरिका में रश्मि के पति को पैसे भरने के लिए लगातार मजबूर किया जा रहा था। इतना ही नहीं घर का सामान बेचने के हालात भी पैदा हो गए।
आखिरकार परिवार ने भारत वापस आने का फैसला ले लिया। उत्तर प्रदेश की रहने वाली रश्मि कथित तौर भारत आने को लेकर जरा भी खुश नहीं थी और इसलिए उसने ये भयानक कदम उठा डाला। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया है कि रश्मि गहरे डिप्रेशन में थी।
बता दें कि अमेरिका का राष्ट्रपति बनते ही डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कड़े फैसलों में एच1 बी वीजा को भी रखा था। उन्होंने इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए इस पर दोबारा समिक्षा करने के आदेश दे दिए।