जयपुर के जनाना अस्पताल में 14 वर्षीय किशोरी के सतमासी बच्ची की मां बनने के एक दिन बाद दुष्कर्मी को धर पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश किया। किशोरी के गत बुधवार को मां बनने के बाद खुलासा हुआ था कि उसके साथ दो वर्ष से रेप हो रहा था। किशोरी पुलिस को दुष्कर्मी का नाम तक नहीं बता पाई थी।
दुष्कर्मी भी पीड़िता के गर्भवती होने की सूचना के बाद से ही गायब हो गया था।
पुलिस उसे हुलिए के आधार पर खोज रही थी। पुलिस के अनुसार किशोरी को गोविंदरावजी का रास्ता निवासी टेक्सी ड्राइवर अजयसिंह (23) ने हवस का शिकार बनाया था। पीड़िता ने परिजनों को भी आरोपी की जानकारी दी थी, जिससे परिजन भी तलाश में जुटे थे। परिजनों की सूचना के आधार पर ही आरोपी को नाहरगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी को पकड़ा।
परिजनों ने साध रखी थी चुप्पी, अस्पताल प्रशासन ने बुलाई थी पुलिस
चांदपोल बाजार निवासी पीड़िता के घर की आर्थिक स्थित काफी खराब है। उसका पिता रिक्शा चलाता है। परिजनों को जब उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली, तभी से वे टूट गए हैं और समाज के डर के कारण उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया था। गर्भवती होने के बाद परिजनों को उसके साथ रेप होने का पता चल गया था, लेकिन लोक-लाज के डर से परिजनों ने भी किसी को कानों-कान खबर नहीं लगने दी।
परिजनों का कहना है कि घर मुश्किल से चल पाता है, उस पर एक और बच्ची का भार सिर आ गया है। प्रसव पीड़ा के चलते मजबूरी में किशोरी को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। किशोरी के सतमासी बच्ची होने से अस्पताल में हड़कंप मच गया था और अस्पताल प्रशासन ने ही पुलिस को सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मामले की पूछताछ की, तो वे बिलख पड़े और समाज के डर से मामला दर्ज नहीं करने की गुहार करने लगे। काफी समझाइश के बाद परिजनों ने मामला दर्ज करवाया था।