मध्य प्रदेश के पन्ना में एक व्यक्ति को खदान से 6.92 कैरेट का एक हीरा मिला है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये है। 24 वर्षीय संदीप यादव पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था। कोविड-19 और लॉकडाउन के चलते कोई भर्ती नहीं होने से उसने खदान को सरकार से लीज पर ले लिया था।
हीरा निरीक्षक अनुपम सिंह ने बताया कि यादव को मिले कीमती पत्थर की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये है। संदीप यादव, जिले में पिछले 30 दिनों में पन्ना जिले की हीरा खदानों में बड़े कीमती हीरे मिलने वाले चौथा व्यक्ति हैं।
सिंह ने बताया कि कृष्णा कल्यानपुर पट्टी क्षेत्र से उथली हीरा खदान से यादव को 6.92 कैरेट का हीरा मिला। निरीक्षक ने बताया कि हीरे को पन्ना के डायमंड कार्यालय में जमा करा दिया गया है। इस हीरे को नीलामी के लिए रखा जाएगा और सरकार की रॉयल्टी काटकर शेष पैसा संदीप को दे दिया जाएगा। यादव ने बताया कि हीरा मिलने पर बहुत खुशी हो रही है। 15 दिन की मेहनत के बाद बृहस्पतिवार को 6.92 कैरेट का हीरा मिला है।