मध्यप्रदेश के इंदौर अमेरिकी नागरिकों को फोन पर डरा-धमकाकर उन्हें ऑनलाइन चूना लगाने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को तीन युवतियों सहित 21 लोगों को गिरफ्तार किया। इन सभी को लसूड़िया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिनारायणाचारी मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर लसूड़िया क्षेत्र में मारे गए छापे के दौरान 21 लोगों को साइबर ठगी के उस अड्डे से गिरफ्तार किया गया जिसे कॉल सेंटर की आड़ में पिछले डेढ़ साल से चलाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में गुजरात और महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले युवा टेलीकॉलर शामिल हैं, जो अमेरिकी लहजे की अंग्रेजी बोलने में महारत रखते हैं। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी में प्रशिक्षित टेलीकॉलर फोन पर खुद को अमेरिका के पुलिस अफसर या सतर्कता (विजिलेंस) विभाग के अधिकारी बताते थे।
मिश्रा ने बताया कि वे अमेरिकी नागरिकों को यह झांसा देते हुए धमकाते थे कि उनके सामाजिक सुरक्षा नम्बर का उपयोग धनशोधन, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा मादक पदार्थों की तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों में किया गया है और तय रकम तुरंत न चुकाए जाने पर उन्हें बड़े कानूनी पचड़े में फंसना पड़ सकता है।