Umaria: फिलहाल पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली और शव को जंगल में गाड़ने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर नौरोजाबाद थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह की अनुमति से शव को खुदवाकर बरामद किया गया।
उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को जंगल में दफनाने का मामला सामने आया है। सेमरिहा गांव में 22 अप्रैल की रात मीना गोंड (40 वर्ष) की उसके देवर चिंतामणि सिंह गोंड ने लाठी से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपने पिता रामविशाल गोंड के साथ मिलकर शव को गांव के बाहर जंगल में गाड़ दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को किसी पारिवारिक विवाद के चलते मीना गोंड का अपने देवर चिंतामणि और देवरानी से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर चिंतामणि ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे मीना गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या को छुपाने के लिए चिंतामणि ने अपने पिता के साथ मिलकर शव को गांव के पास जंगल में गाड़ दिया और घटना को दबाने का प्रयास किया।
इधर, मीना गोंड के परिजन उसके अचानक गायब हो जाने और मोबाइल बंद आने से चिंतित हो उठे। जब वे सेमरिहा गांव पहुंचे और ससुराल पक्ष से पूछताछ की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने नौरोजाबाद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शक के आधार पर देवर चिंतामणि सिंह गोंड से सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली और शव को जंगल में गाड़ने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर नौरोजाबाद थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह की अनुमति से शव को खुदवाकर बरामद किया गया। शव को बाहर निकालने के बाद पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थाना प्रभारी मिश्रा ने बताया कि हत्या में शामिल आरोपी चिंतामणि सिंह गोंड, उसकी पत्नी मधु सिंह गोंड और पिता रामविशाल गोंड के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के अन्य कारणों और साजिश की पूरी परतें खोली जा सकें। घटना से सेमरिहा गांव समेत पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मृतिका के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए मामले की जांच तेजी से की जा रही है।