उज्जैन में पदस्थ एसपी और कलेक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
राजगढ़ में अपने काम करने के तरीके और शैली से प्रभावित करने वाले नीरज कुमार सिंह और प्रदीप शर्मा एक बार फिर साथ आए हैं। अब की बार उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने गृहनगर की जिम्मेदारी सौंपी है। एसपी प्रदीप शर्मा ने शनिवार को महाकाल के दर्शन कर पदभार ग्रहण किया है। अब दोनों एक साथ काम करते नजर आएंगे।
कुछ वर्षों पूर्व राजगढ़ में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा साथ-साथ काम कर रहे थे। उनके काम करने का तरीका कुछ अलग था। यही कारण था कि यह अपने यहां आने वाली हर समस्या का त्वरित निराकरण कर देते थे। उस समय के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव राजगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री थे। इन दोनों ही अधिकारियों के कार्यों को न सिर्फ करीब से देखते थे, बल्कि अच्छे कार्य पर उनकी प्रशंसा भी करते थे। शिवराज सरकार में तो कलेक्टर नीरज कुमार सिंह नर्मदापुरम के कलेक्टर के रूप में कार्य कर रहे थे। वहीं एसपी प्रदीप शर्मा भी राजगढ़ के बाद दतिया एसपी बना दिए गए थे। मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. मोहन यादव ने इन अधिकारियों को अपने गृह जिले उज्जैन की कमान सौंपी है। लगभग एक माह पूर्व कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के स्थान पर उज्जैन में नर्मदापुरम के कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को लाया गया था। इसके बाद एसपी सचिन शर्मा के दिल्ली मे प्रतिनियुक्ति पर जाने पर उनके स्थान पर दतिया से एसपी प्रदीप शर्मा को एसपी के रूप में उज्जैन लाया गया है। उन्होंने शनिवार को महाकाल के दर्शन और पूजा-पाठ कर पदभार भी ग्रहण कर लिया है। अब फिर इन अधिकारियों की जोड़ी फिर एक बार साथ कार्य करती नजर आ रही है।