उज्जैन के नागदा में चाय की दुकान चलाने वाला युवक मंगलवार शाम को घर से निकला और रात 10 बजे उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद बुधवार सुबह समीप के ग्राम के रोड पर उसकी जली हुई लाश मिली। मौके पर पुलिस और एफएसएल की टीम पहुंच गई थी तथा मृतक के परिजन भी आ गए थे, जिन्होंने उसकी पहचान कर ली है। पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
एडिशनल एसपी नितेश भार्गव ने बताया कि बुधवार सुबह नागदा-रूपेटा रोड के समीप पुवाल्डिया और बनबनी के बीच एक बंजर खेत पर युवक की जली हुई लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के बाद नागदा थाना पुलिस सहित एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। एएसपी भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस शव लेकर अस्पताल पहुंची, इस सूचना के बाद फ्रीगंज नागदा निवासी मृतक के माता-पिता और भाई पहुंच गए और उन्होंने जले युवक की शिनाख्त संजय राठौर के रूप में की।
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ कृष्ण जीनिंग परिसर में चाय की दुकान चलाता था और मंगलवार शाम को घर से निकला था और रात 10 बजे बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। इधर, बुधवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि पुवाल्ड्यिा के समीप से एक युवक की जली हुई लाश मिली है, जिस पर वे शव देखने पहुचे तथा शव उसके भाई का ही निकला।
शव का सुबह नागदा अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। एएसपी ने बताया कि यह मामला हत्या का लग रहा है और मृतक रात में किस व्यक्ति के साथ निकला था और वहां कैसे पहुंचा, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। उसके परिजनों और दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी। मौके पर एफएसएल पार्टी ने जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जांच हो पाएगी। सीएसपी ब्रजेश श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।