कायथा थाना क्षेत्र में बेटी की मौत से डिप्रेशन में आए पिता ने लगाई फांसी
- फोटो : सोशल मीडिया
उज्जैन जिले के कायथा के समीप ग्राम में रहने वाले एक व्यक्ति ने शनिवार शाम को अपने घर मे फांसी लगा ली। परिजनों ने देखा तो उसकी लाश मिली। जानकारी लगने पर लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई और पुलिस भी मौके पर आ गई। शव को बरामद कर लिया गया है। मृतक की 8 साल की बेटी की तीन दिन पहले कैंसर से मौत हो गई थी, तभी से वह सदमे में था।
कायथा थाना पुलिस ने बताया कि समीप के ग्राम भुंजीखेड़ी मे रहने वाले सोनू पिता कैलाश परमार ने शनिवार शाम को अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब कमरे में देखा तो उसकी लाश फंदे पर झूलती मिली। खबर लगते ही आसपास के लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई और पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के जीजा हेमराज ने पुलिस को बताया कि सोनू की 8 वर्षीय बेटी खुशी कैंसर की ग्रसित थी और तीन दिन पहले बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई थी। बेटी की मौत के बाद से ही वह सदमे में चल रहा था और इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली। घर में बेटी की मौत का मातम ही चल रहा था और एक और दुख का पहाड़ टूट पड़ा। रविवार सुबह शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के समय मृतक की पत्नी दूसरे कमरे में अन्य रिश्तेदारों के साथ बैठी हुई थी और जब वह सोनू के कमरे में गई तो उसे पति लटका मिला।