पार्षद ने दो माह का मानदेय जरूरतमंद महिला को दिया
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन के वॉर्ड 47 न्यू अशोक नगर में रहने वाली कोमल बाई के मकान में भीषण आग लग गई थी, जिसमें मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कोमलबाई काफी परेशान थी, जिसकी पीड़ा को समझते हुए क्षेत्र पार्षद ने ज्योतिबाराव गोविंदराव फुले की जयंती पर उन्हें अपने दो माह का मानदेय प्रदान किया।
क्षेत्रीय पार्षद दिव्या नरेश बलवानी ने बताया कि कोमलबाई के साथ हुए इस घटनाक्रम की जानकारी मुझे काफी समय पूर्व से मिली थी, जिसके बाद से मेरी इच्छा थी कि मैं कोमलबाई की मदद कर सकूं। ज्योतिबाराव गोविंदराव फुले एक महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए कई कार्य किए। इसीलिए मैंने आज उनकी जयंती पर कोमलबाई का यह सहयोग किया है।
लोन के रुपये भी हुए खाक
बताया जा रहा है कि कोमलबाई के मकान में लगी आग में उसके घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, कोमलबाई की किस्मत इतनी अधिक खराब थी कि उसने समूह से जो 25000 उधार लिए थे वह भी इस आगजनी की घटना में जल गए थे।