ऑनलाइन ठगी के मामले में तेलंगाना पुलिस ने शहर के विक्रम नगर क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खातों में ऑनलाइन 35 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन होना सामने आया है। आरोपियों को पहले पुलिस ने कोर्ट में पेश किया और यहां से ट्रांजिट रिमांड पर तेलंगाना लेकर गई।
ये भी पढ़ें- साइबर ठगों को किराए पर देते थे बैंक खाते, करोड़ों की ठगी के बाद पकड़ाए
जानकारी के अनुसार तेलंगाना के हैदराबाद से आई पुलिस टीम ने विक्रम नगर के रहने वाले अजय पिता छोटेलाल और जीवन पिता भैरूलाल परमार को धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हैदराबाद में साल 2024 में ऑनलाइन ठगी के मामले में अपराध दर्ज हुआ था, जिसमें ये दोनों युवक सहआरोपी हैं। दोनों के खातों में ऑनलाइन ठगी के 35 लाख रुपये आए थे। हैदराबाद पुलिस एक वर्ष से आरोपियों की तलाश कर रही है। तकनीकी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, जिसमें आरोपियों की लोकेशन उज्जैन की मिली। इसके बाद तेलंगाना पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और उज्जैन की नागझिरी पुलिस के सहयोग से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़े- बर्खास्त कांस्टेबल ने की डेढ़ करोड़ की चोरी, बुर्का पहनकर घुसा था फ्लैट में
ऑनलाइन ठगी का जाल, लोगों को लालच देकर खातें में डलवाते हैं रुपये
ऑनलाइन ठगी का जाल बिछाने के लिए ठग दूसरों के खाते का उपयोग करते हैं। आम लोगों को लालच देकर बिजनेस के नाम पर करंट अकाउंट खुलवाते हैं और उनके खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी के लिए करते हैं। शहर में ऐसे कई लोग हैं, जिनके खातों का उपयोग कर ऑनलाइन ठगी की जा रही है। पूर्व में ऐसे लोग सामने आए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी की बातों में आकर अपना खाता ना सौंपे। इसका दुरुपयोग किया जा सकता है।