राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल शनिवार को उज्जैन पहुंचे। जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर न सिर्फ उनका आशीर्वाद लिया, बल्कि नंदी जी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही। डोभाल निजी यात्रा पर उज्जैन आए।
बता दें कि अजीत डोभाल शनिवार शाम सांध्य आरती के बाद बाबा महाकाल के दर्शन किए। डोभाल ने चांदी द्वार से बाबा महाकाल के दर्शन किए और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। डोभाल के महाकाल दर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। याद रहे कि डोभाल को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। इसके चलते उज्जैन पुलिस प्रशासन ने डोभाल की सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए थे। विश्वसनीय सूत्रों की बातों पर यकीन किया जाए तो आज रात को ही डोभाल महाकाल लोक के साथ ही उज्जैन के प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन करने जाएंगे।
भस्म आरती में भी ही सकते हैं शामिल...
बताया जाता है कि डोभाल रविवार सुबह महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती में शामिल हो सकते हैं। डोभाल की सिक्योरिटी काफी कड़ी रहती है। डोभाल देश के उन चुनिंदा लोगों में शामिल हैं, जिन्हें जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। डोभाल की सुरक्षा को देखते हुए मीडिया को भी उनके कवरेज से दूर रखा गया।