ट्रेन कर रही आचार संहिता का उल्लंघन
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और गुजरात के दाहोद के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन के डिब्बों पर लगे राज्य सरकार की योजनाओं के पोस्टर को भाजपा का प्रचार मानते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव और पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने एक शिकायत चुनाव आयोग को की है। शिकायत में आचार संहिता लगने के बाद भी ट्रेन के डिब्बों से इन पोस्टरों को नही हटाए जाने को रेलवे अधिकारियों की लापरवाही बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
राज्य निर्वाचन अधिकारी भोपाल को की गई इस शिकायत में प्रदेश कांग्रेस महासचिव और पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने कहा कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए नौ अक्तूबर से आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता के संबंधित सारे निर्देश राज्य शासन को दे दिए गए हैं। लेकिन उसके बाद भी राज्य शासन के अधिकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रचार में लगे हुए हैं और प्रत्येक शहर में कई स्थानों पर शासन की योजना, विशेष कर लाडली बहना के पोस्टर लगे हुए हैं। आचार संहिता लगने के बाद भी दोहाद-उज्जैन हबीबगंज मेमू ट्रेन के सभी डिब्बों पर राज्य शासन के पोस्टर लगे हुए हैं।
राजधानी भोपाल के हबीबगंज से गुजरात के दाहोद के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन इस दौरान करीब छह जिलों भोपाल, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन, रतलाम और झाबुआ से गुजरती है। इस ट्रेन में प्रतिदिन लाखों यात्री सफर करते हैं। यह ट्रेन लगभग 400 किलोमीटर की दूरी एक तरफ तय करती है। दोनों तरफ की दूरी मिला ली जाए तो करीब 800 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन प्रतिदिन तय करती है। शिकायत में पूर्व विधायक कांग्रेस नेता ने कहा कि इस विषय पर तत्काल कठोर कार्रवाई करें।