घटिया के समीप ग्राम बिछड़ौद में सड़क के गड्ढे के कारण एक ऑटो पलट गया। इस दौरान उसके पास से गुजर रहा पैदल युवक उसके नीचे दब गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटिया थाना पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
घटिया थाना पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम को ग्राम बिछड़ौद में लोडिंग ऑटो जा रहा था। इस दौरान ग्राम बिछड़ौद में सड़क के गड्ढे के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो के समीप से ही बिछड़ौद निवासी कालू पिता डुंगाजी पैदल जा रहा था। हादसे के दौरान वह ऑटो के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा होते ही ऑटो चालक वहां से भाग निकला। सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और ऑटो जब्त कर शव को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि ऑटो चालक के खिलाफ जांच की जा रही है तथा उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।