उज्जैन में बेटे के निधन से दुखी मां ने शनिवार तड़के क्षिप्रा नदी के छोटे पुल पर पहुंच छलांग लगा दी। लोगों ने उसे कूदते देखा तो पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद महिला का शव नदी से बरामद किया गया।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि सुबह 6.30 बजे क्षिप्रा नदी के छोटे पुल से वृद्ध महिला के छलांग लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। करीब एक घंटे बाद महिला का शव नदी से बाहर निकाला गया।
इधर, भाटगली में रहने वाला परिहार परिवार अपनी मां मंगला पति प्रदीप परिहार (55) के अलसुबह लापता होने पर गुमशुदगी दर्ज कराने के लिये कोतवाली थाने पहुंचा। इस दौरान सूचना मिली कि क्षिप्रा नदी से एक वृद्ध महिला का शव मिला है। परिजन रामघाट पहुंचे तो उन्होने मृतक महिला की पहचान मंगला परिहार के रूप में कर ली। महाकाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां परिजनों ने बताया कि चार दिन पहले परिवार में देवेन्द्र परिहार की ब्रेन हेमरेज होने से मौत हो गई थी। इससे दुखी मां मंगला परिहार का दिमागी संतुलन बिगड़ा हुआ था। वह मरने की रट लगाए हुए थी। परिवार उनकी निगरानी कर रहा था। गुरुवार को देवेन्द्र का तीसरा किया था, इस बीच अलसुबह मंगला परिहार लापता हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जांच में लिया है।