बांधवगढ़ नेशनल पार्क में बाघिन की मौत
- फोटो : सोशल मीडिया
उमरिया जिले के बांधवगढ टाइगर रिजर्व में रविवार देर रात एक बाघिन का शव मिला है। पार्क के गश्ती दल को टाइगर रिजर्व के गेट नंबर एक ताला जोन के घोड़ा डेमन नामक स्थान पर बाघिन मृत अवस्था में मिली। बाघिन की उम्र 10 से 11 साल के बीच बताई जा रही है।
घटना की जानकारी के बाद पार्क के उच्च अधिकारी मौके पर पंहुचे हैं, हालांकि ज्यादा रात और अंधेरा होने के कारण जांच एवं अग्रिम कार्रवाई रविवार को नहीं हो सकी। सोमवार सुबह से जांच शुरू की गई है। एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया है कि वन्य जीव चिकित्सक एनटीसीए सदस्य और उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में मृत बाघिन का पीएम कराया जाएगा और घटना स्थल की फोरेंसिक जांच के बाद ही बाघिन की मौत के कारणों का पता चल पाएगा।