पीड़ित पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता शादी के दो दिन बाद ही एक युवक के साथ भाग गई। वह अपने साथ शादी में मिले जेवर और नगदी भी लेकर चली गई। नवविवाहिता की ननद की शादी में एक युवक बाजा बजाने आया था, उसी के साथ वह भागी है। पीड़ित पति ने रजपुरा थाने में पत्नी की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मडियादो थाना क्षेत्र के घोघरा गांव निवासी प्रीति का विवाह रजपुरा थाना क्षेत्र के मनकपुरा निवासी करन आदिवासी के साथ तीन मई को हुआ था। चार मई को वह अपनी ससुराल पहुंची और आठ मई को उसकी ननद की शादी थी। ननद की बरात घोघरा गांव से पहुंची थी। इसी रात दुल्हन घर से लापता हो गई। पति ने आसपास जानकारी ली, रिश्तेदारों और मायके में संपर्क किया गया तो पता नहीं चला।
अब कयास लगाए जा रहे हैं कि नवविवाहिता अपने गांव के एक युवक के साथ भागी है, जो उसकी ननद की शादी में बाजा बजाने के बहाने पहुंचा था। इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव पुरोहित ने बताया कि पीड़ित की शादी तीन दिन पहले मडियादो थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी, जिसकी पत्नी गुम हो गई है। गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। पति द्वारा अपनी पत्नी पर नगदी और जेवर ले जाने का आरोप लगाया गया है।